वाराणसी में 50 करोड़ की जमीन पर कब्जे का आरोप! BJP जिला उपाध्यक्ष समेत 10 पर FIR, बीमार शिक्षक की डायलिसिस के बहाने कराया बैनामा?

Edited By Purnima Singh,Updated: 13 Jul, 2026 04:07 PM

case registered against 10 people including bjp district vice president

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ एक बीमार सेवानिवृत्त शिक्षक की करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की पुश्तैनी जमीन हड़पने के आरोप में अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है ...

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ एक बीमार सेवानिवृत्त शिक्षक की करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की पुश्तैनी जमीन हड़पने के आरोप में अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार के आदेश पर रोहनिया थाने में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, तत्कालीन उपनिबंधक अनिल कुमार, निबंधन कार्यालय के लिपिक सत्यांशु सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला पांच जुलाई को दर्ज किया गया था, जो अब सुर्खियों में आया है।

पत्नी ने लगाया पुश्तैनी जमीन हड़पने का आरोप
रोहनिया क्षेत्र के मोहनसराय निवासी प्रमिला मिश्रा ने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके पति, सेवानिवृत्त शिक्षक ओम प्रकाश मिश्रा की मोहनसराय स्थित लगभग 70 बिस्वा पुश्तैनी जमीन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये है, एक सुनियोजित साजिश के तहत हड़प ली गई।

इलाज के बहाने भरोसा जीतने का आरोप
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ओम प्रकाश मिश्रा पिछले दो वर्षों से किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें सप्ताह में दो बार डायलिसिस के लिए अस्पताल जाना पड़ता है। आरोप है कि उनके भतीजे विशाल मिश्रा और चालक रवि उपाध्याय इलाज में सहयोग के बहाने उनके संपर्क में आए और आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा इलाज का खर्च कम कराने का झांसा देकर उनका मोबाइल नंबर तथा पेंशन खाते से जुड़ा पंजीकृत मोबाइल नंबर बदलवा दिया।

निबंधन कार्यालय ले जाकर कराया गया बैनामा
आरोप के मुताबिक, बीती सात अप्रैल को विशाल मिश्रा और रवि उपाध्याय डायलिसिस के लिए उन्हें महमूरगंज स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें गंगापुर स्थित निबंधन कार्यालय ले जाया गया। वहां तत्कालीन उपनिबंधक अनिल कुमार और निबंधन लिपिक सत्यांशु सिंह की कथित मिलीभगत से लगभग 70 बिस्वा जमीन का बैनामा और दो दानपत्र आरोपियों के करीबियों के नाम दर्ज करा दिए गए। इसी दिन विक्रय एवं अनुबंध पत्र भी निष्पादित करा लिया गया।

स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप
प्रमिला मिश्रा ने मोहनसराय निवासी रवि उपाध्याय, विशाल मिश्रा, दरेखू निवासी प्रवीण कुमार, वरुणापति उपाध्याय तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ रोहनिया थाने में शिकायत दी थी। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर उन्हें अदालत की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!