Edited By Purnima Singh,Updated: 13 Jul, 2026 12:45 PM

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि झूठ पर झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने वाले जनप्रतिनिधियों को बर्खास्त कर देना चाहिए ...
इटावा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि झूठ पर झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने वाले जनप्रतिनिधियों को बर्खास्त कर देना चाहिए।
'BJP में झूठ बोलने वालों का बोलबाला'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव अपने निर्वाचन क्षेत्र जसवंतनगर में रविवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और उनके पदाधिकारी झूठ पर झूठ बोलते हुए नजर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में झूठ बोलने वाले नेताओं का बोलबाला दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में जो नेता जितना झूठ बोलता है, उसे उतनी ही तवज्जो दी जाती है।
साक्षी महाराज से रिश्तों का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में झूठ बोलने वाले नेताओं का प्रभावी ढंग से बोलबाला बना हुआ है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी में ऐसा कोई नेता नहीं है जो झूठ पर झूठ न बोलता हो। उन्होंने उन्नाव के भाजपा सांसद साक्षी महाराज से अपने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि साक्षी महाराज से संबंध अभी भी अच्छे हैं। साक्षी महाराज भी हमारे साथ रहे हैं। जब वह संकट में थे तब हमने और नेताजी ने उनकी मदद की थी।
राम मंदिर दान चोरी मामले पर क्या बोले?
राम मंदिर दान चोरी मामले में अखिलेश और टिन्नू यादव के बीच कॉल के आरोप पर उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद को नोटिस दे दिया गया है। सभी भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं और संविधान की झूठी कसम खाते हैं। हमारी मांग है कि झूठ बोलने वाले लोगों को बर्खास्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ओम प्रकाश राजभर पर साधा निशाना
श्री यादव ने कहा कि योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बारे में सभी लोग जानते हैं। पहले उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के लिए क्या-क्या नहीं बोला था। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई बीमारी है और किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से ही उनका इलाज हो सकता है।
मेरठ मामले पर दी प्रतिक्रिया
मेरठ में एसपी द्वारा मारपीट किए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि अधिकारियों को संयम के साथ काम करना चाहिए। जहां लड़की की हत्या हुई हो, वहां अधिकारियों को संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा प्रदेश नौकरशाही के भरोसे छोड़ दिया गया है। अब चुनाव आने वाले हैं और जनता इसका जवाब देगी।
2027 चुनाव को लेकर किया दावा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कुकर्म हर किसी के सामने आ रहे हैं और जनता सब कुछ देख रही है। चुनाव में जनता भाजपा को ऐसा सबक सिखाएगी जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।
उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में समाजवादी पार्टी अभी से जुटी हुई है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली और कारगुजारियों को सिलसिलेवार ढंग से लोगों तक पहुंचा रहे हैं। जिन लोगों को भाजपा की कारगुजारियों के बारे में बताया जा रहा है, वे भाजपा से दूरी बनाने लगे हैं।
'विपक्ष को बदनाम करने में जुटी है भाजपा'
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ पर झूठ बोलकर विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने में जुटी हुई है, जबकि खुद भाजपा के नेता इतने बदनाम हो चुके हैं कि जनता उन्हें नकारने के लिए पूरी तरह तैयार हो गई है।