Edited By Ajay kumar,Updated: 26 Oct, 2019 05:39 PM
उत्तरप्रदेश की पौराणिक नगरी चित्रकूट में शनिवार को छोटी दीपावली के पावन पर्व पर आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर कामदगिरि की परिक्रमा लगाई।
चित्रकूट: उत्तरप्रदेश की पौराणिक नगरी चित्रकूट में शनिवार को छोटी दीपावली के पावन पर्व पर आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर कामदगिरि की परिक्रमा लगाई। जिला अधिकारी शेषमणि पांडे ने बताया कि दीपावली के दिन 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। फिलहाल पूरे चित्रकूट को दुल्हन की तरह सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मेला अधिकारी ने बताया कि चित्रकूट में श्रद्धालुओं की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए 400 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। चार अतिरिक्त मेला स्पेशल ट्रेन लगाई गई हैं। पूरे मेला क्षेत्र को आठ सेक्टर में बांटा गया है और 1000 पुलिस बल को तैनात किया गया है जिसमें होमगाडर्, महिला पुलिस, पुलिस गोताखोर पीएससी और डॉग स्क्वाड की व्यवस्था की गई है।
चित्रकूट के सभी मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मेला क्षेत्र में आने और जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी और पुलिस बल जगह जगह पर तैनात रहेगा जो आम नागरिक बनकर के आम नागरिक की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगा।