अवैध अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत, एम्बुलेंस कर्मियों पर गंभीर आरोप... DM ने दिए जांच के आदेश

Edited By Anil Kapoor,Updated: 02 Jun, 2026 12:54 PM

woman dies during delivery at illegal hospital 2 arrested

सोनभद्र जिले में कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित एक अस्पताल में प्रसव के दौरान आशा कार्यकर्ता की मौत के मामले में वांछित नर्स और उसके सहायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार को गिरफ्तार की गई नर्स...

Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित एक अस्पताल में प्रसव के दौरान आशा कार्यकर्ता की मौत के मामले में वांछित नर्स और उसके सहायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार को गिरफ्तार की गई नर्स सलमा पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उसके सहायक जौरुन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि कोन क्षेत्र में संचालित अपंजीकृत ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर का संचालक डॉ. नसीम अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। 

अवैध अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत
कोन थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र के अनुसार, बागेसोती गांव निवासी देवनारायण की पत्नी सीमा देवी (36) को प्रसव के लिए शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शल्य प्रक्रिया (सर्जरी) के बाद उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद शनिवार को उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के पति की तहरीर तथा चिकित्सा पदाधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. कीर्ति आनंद बिंद की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों का आरोप है कि सीमा को पहले कचनरवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया था, जहां से उन्हें कोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर किया गया। सीएचसी ले जाने के लिए 108 आपातकालीन सेवा की एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराई गई थी। 

सरकारी अस्पताल के बजाय ग्लोबल हॉस्पिटल ले गई एम्बुलेंस
हालांकि, परिवार का आरोप है कि एम्बुलेंस कर्मियों ने मरीज को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के बजाय अपंजीकृत ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर पहुंचा दिया, जहां उनका प्रसव कराया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि अवैध रूप से संचालित अस्पताल में महिला की मौत के मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मरीज को पीएचसी से सीएचसी, कोन रेफर किया गया था, लेकिन एम्बुलेंस कर्मियों ने उसे कथित रूप से अपंजीकृत एक निजी अस्पताल में पहुंचा दिया। 

प्रशासन का कड़ा एक्शन- मौत का अस्पताल सील
जिलाधिकारी ने कहा कि महिला की मौत के बाद अस्पताल से जुड़ा चिकित्सक फरार हो गया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और अस्पताल को सील कर दिया गया है। गौड़ ने बताया कि अस्पताल संचालक नसीम अहमद तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिले के निजी अस्पताल बने मौत के केंद्र- सपा नेता
इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जिले के कई निजी अस्पताल मौत के केंद्र बन गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर अनियमितताओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।कुशवाहा ने दावा किया कि जिले के निजी अस्पतालों में लगातार मौतों की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निजी अस्पतालों की व्यापक जांच कराने, अवैध सर्जरी और मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!