Edited By Ramkesh,Updated: 14 Apr, 2026 06:37 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण को पश्चिमी यूपी के विकास के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने सहारनपुर के गणेशपुर-मनोहरपुर में बने सभा मंच से संबोधित करते...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण को पश्चिमी यूपी के विकास के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने सहारनपुर के गणेशपुर-मनोहरपुर में बने सभा मंच से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री के डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद वापस सहारनपुर के सभा स्थल पर पहुंचे तो उन्होंने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, अपने दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, सहारनपुर के प्रभारी मंत्री सुनील शर्मा के साथ प्रधानमंत्री का स्क्रीन पर सजीव भाषण सुना और प्रदेश की जनता को संबोधित किया।
नौ साल के कार्यकाल में यूपी को बनाया दंगा मुक्त प्रदेश
उन्होंने अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि जो लोग समाज को बांटने और दंगों को संरक्षण देने का काम करते हैं वे विकास नहीं कर सकते। योगी ने कहा कि 2017 से अभी तक के नौ साल के अपने कार्यकाल में उन्होंने यूपी को दंगा मुक्त और निवेश का सबसे पसंदीदा केंद्र बनाया है। योगी ने कहा कि आज का आयोजन दिल्ली-देहरादून इकोनामी कोरीडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जो 12 किलोमीटर के ऐलीवेटेड वन्य जीव कोरीडोर के जरिए सहारनपुर को सीधे उत्तराखंड से जोड़ता है।
डबल इंजन की सरकार ने विकास को दी गति
उन्होंने कहा कि वेस्टर्न यूपी तेजी से विकास कर रहा है। उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है जहां सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे है। उन्होंने कहा कि नोएडा के जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुरू हुआ है और नोएडा फिल्मसिटी जैसी परियोजनाओं से यूपी विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आज बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि भाजपा महापुरूषों का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि डबल इंजन सरकार की ताकत देखनी है तो सहारनपुर में हो रहे विकास को देखें। इस सरकार में उत्तर प्रदेश या उत्तराखंड में बड़े से बड़े प्रोजेक्ट लाने में अब कोई भी दिक्कत नहीं होती है।
चारधाम की यात्रा में भारी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के शुरू हो जाने से देशभर के लाखों श्रद्धालुओं को उत्तराखंड की चारधाम की यात्रा में भारी सुविधा प्राप्त होगी और उत्तराखंड में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यूपी सुरक्षा, सुशासन, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के केंद्र के रूप में बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सड़कें ही राष्ट्र का निर्माण करती हैं।
योगी आदित्यनाथ पिछले दो माह के दौरान तीसरी-चौथी बार सहारनपुर आए हैं। उन्होंने कल रात्रि विश्राम भी सहारनपुर में ही किया। सभा के बाद मुख्यमंत्री ढाई बजे हेलीकाप्टर से सरसावा हवाई अड्डे पर पहुंचे। जहां प्रशासनिक अफसरों, कमिश्नर डा, रूपेश कुमार, डीएम मनीष बंसल, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत राणा, विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेंद्र कश्यप, पूर्व विधायक महिपाल माजरा, जगपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम, ब्लाक प्रमुख विश्वास चौधरी, डा, पवन संवई, अभिषेक त्यागी और पूर्व जिला अध्यक्ष मेलाराम पंवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उनका सहारनपुर आगमन पर आभार जताया।