Edited By Purnima Singh,Updated: 17 May, 2026 05:16 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जन समस्या का निराकरण सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री श्री योगी ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से...
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जन समस्या का निराकरण सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री श्री योगी ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान श्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कारर्वाई हो। उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
जनता दर्शन में एक महिला ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का जिक्र कर बिटिया के विवाह में सहायता देने का अनुरोध किया। श्री योगी ने जब महिला को प्रति जोड़ा एक लाख रुपये आवंटन वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में बताया तो वह खुश हो गई। महिला ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि योजना का लाभ बिटिया को भी दिला दीजिए। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को जरूरी प्रक्रिया पूर्ण करने को निर्देशित किया।