Edited By Anil Kapoor,Updated: 14 Aug, 2026 06:56 AM

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी भयानक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद....
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी भयानक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हादसे की भयावहता को देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
पूरा मामला अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गद्दोपुर इलाके का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान जगदीश सिंह के रूप में हुई है। वायरल फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि जगदीश सिंह बेहद सामान्य तरीके से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार आई और उसने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश सिंह हवा में उछलकर काफी दूर जाकर सड़क पर गिरा। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोग इस भयानक दृश्य को देखकर सन्न रह गए। घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। आनन-फानन में घायल जगदीश सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक और गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें:- ओम प्रकाश राजभर के बेटे को जान से मारने की धमकी, दफ्तर में तानी पिस्टल... CCTV में कैद वारदात
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बेपरवाह कार चालक मौके पर रुकने के बजाय तेजी से गाड़ी भगा ले गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर कार के नंबर और फरार चालक की तलाश तेज कर दी है। कैंट थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।