Edited By Ramkesh,Updated: 13 May, 2026 04:17 PM

समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे, अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है। केजीएमयू में पोस्टमार्ट के बाद उनके लखनऊ आवास पर...
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे, अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है। केजीएमयू में पोस्टमार्ट के बाद उनके लखनऊ आवास पर लाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार कल होगा। हालांकि उनके आवास पर समर्थक और बीजेपी नेताओं की भारी भीड़ लगी हुई है। सीएम योगी भी प्रतीक यादव के घर जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, धमेंद्र यादव, डिंपल यादव सहित पूरा यादव परिवार आवस पर मौजूद है। इस घटना से परिवारो के अन्य सदस्य भावुक हैं।

38 वर्ष की आयु में प्रतीक का निधन
आप को बता दें कि प्रतीक यादव का आज सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे। अखिलेश यादव ने प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया और मामले की जांच कराए जाने के बारे में पूछने पर कहा कि परिवार जो फैसला करेगा, उसी के अनुरूप काम किया जाएगा।
मृत अवस्था में लाया गया था अस्पताल - डॉक्टर जी.सी. गुप्ता
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार, प्रतीक की जब मौत हुई तब अपर्णा उत्तर प्रदेश से बाहर थीं लेकिन घटना की सूचना मिलने पर वह लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी हैं। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर जी.सी. गुप्ता ने बताया कि प्रतीक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह होगी साफ
गुप्ता ने कहा, ''हमने जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया और मृत्यु की पुष्टि होने के बाद हमने वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया। गुप्ता ने एक चैनल से बातचीत में प्रतीक को 'जहर' दिये जाने की आशंका वाले अपने बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''मौत के सही कारण की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम से ही हो पाएगी। लिहाजा पोस्टमार्टम होने से पहले किसी भी तरह की आशंका होने के बावजूद कुछ भी कहना सही नहीं होगा।
घटना के बाद किंग जॉर्ज पहुंचे अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव सुबह यहां स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे और फिर वहां से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) गये जहां प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने कहा कि प्रतीक अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते थे और उनकी मृत्यु बहुत दुखद है। इस सवाल पर कि क्या प्रतीक की मौत मामले की जांच होनी चाहिये, सपा प्रमुख ने कहा, ''परिवार जो फैसला करेगा, उसी के अनुरूप काम किया जाएगा।
दो महीने पहले हुई थी अखिलेश की मुलाकात
यादव ने कहा कि उन्होंने करीब दो महीने पहले प्रतीक से मुलाकात की थी और उस समय उन्होंने उनसे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपना कारोबार आगे बढ़ाने को कहा था। उन्होंने कारोबारी नुकसान की तरफ भी इशारा करते हुए कहा, ''कभी-कभी वित्तीय या जो कारोबार में नुकसान होता है उससे कई बार लोग बहुत दुखी हो जाते हैं।'' सूत्रों के अनुसार, प्रतीक को कुछ समय पहले बीमार होने पर यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वह कुछ दिनों में तबीयत ठीक होने पर घर लौट आए थे। प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। प्रतीक की पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
फिटनेस' के शौकीन थे प्रतीक
फिटनेस' के शौकीन प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे। हालांकि प्रतीक की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव भाजपा में शामिल हो गई थीं और वर्तमान में वह राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद, शव को केजीएमयू से प्रतीक और अपर्णा यादव के आवास, 8/11 विक्रमादित्य मार्ग पर ले जाया जायेगा, जिसके बाहर सपा और भाजपा दोनों के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसके मद्देनजर पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और कई जगहों पर बैरिकेड लगा दिये। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आवास पर पहुंचे।
कुछ दिन पारिवारिक की बात आई थी सामने
इसी साल 19 जनवरी को प्रतीक ने पत्नी अपर्णा यादव पर अपने पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह जल्द से जल्द अपनी पत्नी से तलाक ले लेंगे। अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट में प्रतीक ने अपर्णा को 'स्वार्थी' और 'परिवार तोड़ने वाली' करार देते हुए उन पर शोहरत के पीछे भागने का आरोप भी लगाया था। हालांकि, 28 जनवरी को उन्होंने एक बार फिर अपनी पत्नी के साथ सुलह का ऐलान करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने कहा था, "19 जनवरी को मेरी पत्नी अपर्णा के साथ मेरा गंभीर विवाद हुआ था जिसके बाद मैंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट किए थे। लेकिन, अब आपसी बातचीत के बाद यह मामला सुलझ गया है और हमारे बीच अब कोई विवाद नहीं है। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में अपर्णा के साथ अपना एक वीडियो भी साझा किया था। फिलहाल प्रतीक यादव की मौत ने पूरे यादव परिवार को झकझोर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि उनका निधन कैसे हुआ है।