Edited By Purnima Singh,Updated: 02 Aug, 2026 02:09 PM

उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में रविवार सुबह समाजवादी पाटर्ी की भिनगा विधानसभा (श्रावस्ती) से विधायक इंद्राणी वर्मा की कार बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया ...
बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में रविवार सुबह समाजवादी पाटर्ी की भिनगा विधानसभा (श्रावस्ती) से विधायक इंद्राणी वर्मा की कार बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि विधायक सहित वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक इंद्राणी वर्मा रविवार सुबह लखनऊ में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए कार से रवाना हुई थीं।
कैसरगंज क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। चालक वाहन को पूरी तरह नियंत्रित कर पाता, उससे पहले कार नीलगाय से टकरा गई। वाहन की रफ्तार अपेक्षाकृत कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई। सूचना मिलने पर एक निजी विद्यालय के प्रबंधक मशकूर हबीब ने विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था कराई, जिसके बाद विधायक लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।
विधायक इंद्राणी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क पर अचानक नीलगाय आ जाने से वाहन उससे टकरा गया। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। क्षेत्र में वन्यजीवों के अचानक राजमार्ग पर आने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण और राजमार्गों पर प्रभावी सुरक्षा उपायों की आवश्यकता की ओर भी संकेत करते हैं।