Edited By Purnima Singh,Updated: 21 Jun, 2026 09:19 AM

गाजियाबाद जिले के प्रताप विहार इलाके में एक नीट अभ्यर्थी ने अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस को युवक के मोबाइल फोन से एक वीडियो क्लिप मिली है, जिसे कथित तौर पर उसकी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया गया...
Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले के प्रताप विहार इलाके में एक नीट अभ्यर्थी ने अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस को युवक के मोबाइल फोन से एक वीडियो क्लिप मिली है, जिसे कथित तौर पर उसकी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान विजय नगर निवासी जतिन कुमार (22) के रूप में हुई है। वह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जतिन ने रिकॉर्ड की गई वीडियो में कहा कि वह किसी दबाव में नहीं था और 21 जून को होने वाली नीट की पुनर्परीक्षा को लेकर तनाव में नहीं था। परिवार वालों के मुताबिक, जतिन बृहस्पतिवार देर रात तक अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार सुबह जब वे जतिन को जगाने गए, तो उन्होंने उसे मृत पाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की एक टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि कमरे में छत के पंखे से बंधा फंदा मिला, जबकि शव फर्श पर पड़ा था।
जांच के दौरान, पुलिस को जतिन के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला, जिसे कथित तौर पर उसकी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उपासना पांडे ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस रिकॉर्डिंग की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रही है और मौत से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पांडे ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।