Edited By Mamta Yadav,Updated: 02 Nov, 2022 12:29 AM

उत्तर प्रदेश के आगरा में महिला के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ कर रहे एक व्यक्ति ने विरोध करने पर उसके पति को पीटा था और बाद में दहशत फैलाने को उसने फायरिंग की। पुलिस ने यह जानकारी दी। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पप्पू चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया...
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में महिला के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ कर रहे एक व्यक्ति ने विरोध करने पर उसके पति को पीटा था और बाद में दहशत फैलाने को उसने फायरिंग की। पुलिस ने यह जानकारी दी। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पप्पू चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
दहशत फैलाने के लिए हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग
महिला की तहरीर के अनुसार यहां एत्माद्दौला थानाक्षेत्र के कालिंदी विहार का पप्पू चौहान काफी समय से उसे परेशान कर रहा था और आते-जाते समय रास्ते में वह उसके साथ अश्लील हरकतें करता था और छेड़छाड़ करता था। तहरीर के मुताबिक महिला ने इसकी शिकायत अपने पति से की तब उसके पति ने पप्पू चौहान का विरोध किया। तहरीर के अनुसार इससे गुस्साए पप्पू चौहान ने महिला के पति की दुकान पर पहुंचकर जमकर तोडफ़ोड़ और मारपीट की। इसके बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए चौहान ने हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग कर डाली। इसका सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो गया था।
आरोपी के पास से एक पिस्टल व दो तमंचे भी बरामद
इस संबंध में मंगलवार को थाने के निरीक्षकर विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी को सोमवार को पुलिस ने पकड़ लिया। कुमार के अनुसार पप्पू चौहान पर आधा दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल व दो तमंचे भी बरामद किए हैं।