Edited By Mamta Yadav,Updated: 06 Jun, 2022 09:24 PM

उत्तर प्रदेश के रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार घनश्याम लोधी ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। लोधी ने कलेक्ट्रेट में जब जिलाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया तो कलेक्ट्रेट के अंदर उनके साथ भाजपा नेता और...
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार घनश्याम लोधी ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। लोधी ने कलेक्ट्रेट में जब जिलाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया तो कलेक्ट्रेट के अंदर उनके साथ भाजपा नेता और उनके वकील भी थे। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह भी रामपुर पहुंचे थे और घनश्याम सिंह लोधी के नामांकन में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया और पूरे उत्साह के साथ भाग लेने और उपचुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
नकवी ने एक ट्वीट में कहा, "आज रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार घनश्याम लोधी के नामांकन में शामिल हुआ और लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की।" लोधी समाजवादी पार्टी से विधान परिषद सदस्य चुने गये थे, लेकिन वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए। रामपुर लोकसभा सीट सांसद आजम खान के रामपुर से विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से खाली हुई है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक रामपुर में मतदान 23 जून को होगा जबकि मतगणना 26 जून को होगी।