Edited By Purnima Singh,Updated: 19 May, 2026 03:47 PM

उत्तर प्रदेश में 'एक जनपद, एक व्यंजन' (ओडीओसी) योजना के जरिए प्रदेश के पारंपरिक स्वाद को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ नीत प्रदेश सरकार अब राज्य की...
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 'एक जनपद, एक व्यंजन' (ओडीओसी) योजना के जरिए प्रदेश के पारंपरिक स्वाद को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ नीत प्रदेश सरकार अब राज्य की समृद्ध पाक परंपरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। इसमें कहा गया कि ओडीओसी योजना के तहत प्रत्येक जिले के विशिष्ट पारंपरिक व्यंजनों की पहचान कर उन्हें ब्रांडेड, सुरक्षित और बाजारोन्मुख बनाया जाएगा।
बयान में कहा गया कि हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल ने इस योजना को मंजूरी दी है जिसका उद्देश्य स्वाद और परंपरा को संरक्षित करने के साथ स्थानीय उद्यमिता, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देना है। बयान में कहा गया, ''योजना के तहत जिलाधिकारियों, विभिन्न विभागों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और जिला उद्योग केंद्रों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जनपदवार व्यंजनों का चयन किया गया है। इन व्यंजनों को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाएगा।'' इसमें कहा गया कि व्यंजनों को निर्यात योग्य बनाने के लिए बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा।
भारतीय पैकेजिंग संस्थान (आईआईपी) के सहयोग से पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग, क्यूआर कोड, बारकोड और पोषण संबंधी लेबलिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बयान में कहा गया कि स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को पैकेजिंग, डिजाइनिंग, गुणवत्ता सुधार और खाद्य प्रसंस्करण का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसमें कहा गया कि प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में 'स्वाद यूपी का' विषय पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। लघु फिल्मों, डिजिटल प्रचार और ब्रांडिंग अभियानों के जरिए लोगों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वाद से जोड़ा जाएगा।