Edited By Purnima Singh,Updated: 16 Mar, 2025 01:01 PM

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां एक साली अपने जीजा को दिल दे बैठी। फिर दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि वह घर से भागकर एक साथ रहने लगे। महिला भूल गई कि यह शख्स उसकी बहन का पति है। जब यह अजीबोगरीब मामला सामने...
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां एक साली अपने जीजा को दिल दे बैठी। फिर दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि वह घर से भागकर एक साथ रहने लगे। महिला भूल गई कि यह शख्स उसकी बहन का पति है। जब यह अजीबोगरीब मामला सामने आया और थाने में पहुंचा तो पुलिस भी हैरान रह गई।
4 महीने पहले घर से भागे थे जीजा-साली
करनाल में रहने वाली एक युवती की शादी 12 साल पहले नौहझील थाना के एक गांव के युवक से हुई थी। दंपत्ति के दो बच्चे भी हैं। वहीं उसकी छोटी बहन की शादी 5 साल पहले हुई थी। उसके भी 2 बच्चे हैं। दोनों बहनें अपने घरों में आराम से रह रहीं थीं, लेकिन किसी को पता नहीं चला कि कब बड़ी बहन के पति और छोटी बहन के बीच नैन मटक्का होने लगा। जीजा भी साली की खूबसूरती पर लट्टू हो गया। फिर कुछ समय बाद दोनों के बीच संबंध बन गए। दोनों की शादी हो जाने की वजह से घर वाले रोड़ा बने हुए थे। इसलिए 4 महीने पहले जीजा-साली घर छोड़कर भाग गए। फिर दोनों रायपुर रोड पर स्थित ईंट भट्ठा पर आकर मजदूरी करने लगे।
'अब ये दीदी के नहीं, मेरे पति हैं' - साली
जब घरवालों को पता चला कि जीजा साली साथ भागे हैं, तो दोनों की तलाश शुरू हुई। उनके मिल जाने के बाद उन्हें समझाया गया। महिला का भाई उसे ले जाने लगा तो जीजा ने उसे रोक दिया। बहन ने अपने भाई से कहा कि अब ये दीदी के नहीं, मेरे पति हैं। हम दोनों साथ में ही रहेंगे। कोई कुछ भी कर ले। हम दूर नहीं होंगे। यह सुनते ही भाई आग बबूला हो गया। जीजा-साले में लड़ाई होने लगी।
जीजा-साले में लड़ाई
साले ने जीजा को खरीखोटी सुनाते हुए कहा,'आपको तो शर्म आनी चाहिए। मेरी बड़ी बहन के पति हो आप। 2 बच्चे हैं आपके। अब आप मेरी छोटी बहन के साथ रहना चाहते हो।' साले की यह बातें सुन जीजा भड़क गया और दोनों में मारपीट शुरू हो गई। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस तीनों को थाने ले आई। थाने में पूरा माजरा जान पुलिस भी दंग रह गई। दोनों को समझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन दोनों में कोई समझने को तैयार नहीं था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि साली जीजा के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है। वहीं जीजा और साले के बीच हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई की जा रही है।