Edited By Purnima Singh,Updated: 21 Apr, 2026 05:29 PM

बदायूं के उघेती थानाक्षेत्र में मंगलवार तड़के बिजनौर हाईवे पर एक तेज गति कार के सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार देने से एक महिला और उसके तीन महीने के बेटे की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी ...
Budaun News : बदायूं के उघेती थानाक्षेत्र में मंगलवार तड़के बिजनौर हाईवे पर एक तेज गति कार के सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार देने से एक महिला और उसके तीन महीने के बेटे की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हिरदेश कुमार कठेरिया ने बताया कि उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा के कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से इस्लामनगर थाना क्षेत्र के समदनगर गांव में रिश्तेदारी के 'भात' कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उधैती कस्बे के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ट्रॉली में सीधी टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। उन्होंने बताया कि चीख-पुकार मचने पर स्थानीय लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बसोमा निवासी सुमन (24) पत्नी हरदीप और उसके तीन माह के पुत्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा इस दुर्घटना में घायलों के नाम शिवानी (14), माही (10), ज्योति (15), सुनीता (40), उमानदेही (32), खुशबू (26), जय देवी (60), वीर (45) और वर्षा (16) वर्ष बताये गये हैं। सभी का उपचार जारी है, इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।