दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद UP में अलर्ट, होटल... अस्पताल और प्रतिष्ठानों पर शुरू हुआ फायर सेफ्टी अभियान, पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच

Edited By Purnima Singh,Updated: 05 Jun, 2026 06:07 PM

alert in up following delhi hotel fire tragedy

दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में भीषण आग लगने की घटना की पृष्ठभूमि में उत्तर प्रदेश के अग्निशमन विभाग ने अग्नि सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जांच के लिए बृहस्पतिवार को होटल और अन्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण करने के लिए एक सप्ताह का...

लखनऊ : दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में भीषण आग लगने की घटना की पृष्ठभूमि में उत्तर प्रदेश के अग्निशमन विभाग ने अग्नि सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जांच के लिए बृहस्पतिवार को होटल और अन्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण करने के लिए एक सप्ताह का राज्यव्यापी अभियान शुरू किया। लखनऊ में, अग्निशमन की टीम ने कई प्रमुख, मध्यम एवं छोटे होटल होटलों का निरीक्षण किया। टीम ने जांच की कि क्या अग्नि सुरक्षा उपकरण ठीक से काम कर रहे हैं, क्या आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किए गए हैं और क्या किसी खामी को ठीक करने की आवश्यकता है। 

'19 विभिन्न योजनाओं के तहत होगा निरीक्षण'
उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा के महानिदेशक सुजीत पांडे ने बताया कि निरीक्षण विभिन्न योजनाओं के तहत विभाग द्वारा किए जाने वाले नियमित अभ्यास का हिस्सा है। उन्होंने मीडिया को बताया, ''ये जांच नियमित रूप से की जाती है। कभी-कभी हम विद्यालयों, होटलों, रेस्तरां, अस्पतालों और उच्च जोखिम वाले उद्योगों का निरीक्षण करते हैं। विभाग लगभग 19 विभिन्न योजनाओं के तहत ऐसे निरीक्षण करता है।'' पांडे ने कहा कि विभाग निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से संरचनात्मक डिजाइन, आग की रोकथाम और अग्निशमन मानकों के अनुपालन और प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की परिचालन स्थिति पर ध्यान केंद्रित करता है। 

'एक महीने पहले भी अस्पतालों का हुआ था निरीक्षण' 
उन्होंने कहा, ''हमारी टीम हर महीने राज्य भर में दो से तीन बार ऐसे निरीक्षण करती हैं। यह एक सतत प्रक्रिया है।'' पांडे ने कहा कि करीब एक माह पहले भी छोटे-बड़े अस्पतालों का निरीक्षण किया गया था। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग को आपातकालीन स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सुसज्जित और आधुनिक बनाया गया है और जहां भी उल्लंघन पाया गया, कार्रवाई की गई। लखनऊ में, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने शहर के कई होटलों और प्रतिष्ठानों में निरीक्षण का नेतृत्व किया। हजरतगंज क्षेत्र के एक होटल में निरीक्षण के दौरान, मित्तल ने कहा कि सभी सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई और उन्हें क्रियाशील पाया गया। 

उन्होंने मीडिया को बताया, ''हमने चेतावनी प्रणाली की जांच की और पाया कि जब अलार्म सक्रिय हुआ, तो होटल में रहने वाले मेहमान तुरंत सतर्क हो गए और बाहर चले गए, जिससे आपातकालीन प्रक्रियाओं के बारे में जागरूकता दिखाई दी।'' मित्तल ने कहा, हालांकि, एक होटल को पानी की उपलब्धता से संबंधित एक मुद्दे का समाधान करने का निर्देश दिया गया और चौबीसों घंटे निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। मित्तल ने कहा कि लखनऊ में 150 से अधिक होटलों को पहले ही निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर कारण बताओ नोटिस सहित नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने एक विशेष अभियान शुरू किया है जो अगले सात दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें अग्नि सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुपालन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!