Edited By Pooja Gill,Updated: 29 Mar, 2026 01:56 PM

नोएडा: उत्तर प्रदेश स्थित नोएडा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवती ने ऊंची इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली...
नोएडा: उत्तर प्रदेश स्थित नोएडा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवती ने ऊंची इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 24 थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कारर्वाई पूरी की और पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता से पुलिस ने की पूछताछ
जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवती के पिता भी मौके पर मौजूद थे, जिनसे पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ की है। मृतका की पहचान अर्पिता (21) पुत्री संजय के रूप में हुई है, जो सेक्टर 32 स्थित अमौर सोसायटी के डी ब्लॉक में रहती थी। वह मूल रूप से बस्ती जिला के ग्राम मंडेरवा की निवासी थी।
सुसाइड का कारण पता लगाने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बहरहाल पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।