Edited By Ramkesh,Updated: 02 May, 2026 06:54 PM

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में एक घर के अंदर चार छोटे बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में एक घर के अंदर चार छोटे बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, सभी बच्चे घर के कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पाए गए। घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि बच्चों की मां मौके से गायब है। ऐसे में पुलिस को इस वारदात में मां की संलिप्तता की आशंका है, हालांकि अभी जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
मृत बच्चों की पहचान शफीक, सऊद, उमर और एक बेटी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पिता नियाज कई सालों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहे हैं और उन्होंने वहीं दूसरी शादी कर ली थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति के दूसरे निकाह को लेकर महिला मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव को इस दर्दनाक घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दरवाजा अंदर से बंद था, तो महिला बाहर कैसे निकली। फिलहाल, फरार मां की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।