Edited By Purnima Singh,Updated: 29 Apr, 2026 12:17 PM

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिसके बाद बड़े स्तर पर अग्निशमन और बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू...
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिसके बाद बड़े स्तर पर अग्निशमन और बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 11वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:50 बजे आग लगी, जो तेजी से फैलकर कई अन्य मंजिलों के फ्लैटों तक पहुंच गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में वैशाली, साहिबाबाद और नोएडा समेत आसपास के क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। इस दौरान बचाव अभियान भी साथ-साथ चलाया गया।
इमारत में फंसे कई निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल थे, जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। अग्निशमन कर्मियों ने उन्हें स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला। अधिकारियों के अनुसार, आग सातवीं से आठवीं मंजिल तक फैल गई थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है।