तूफान ने छीनी छत, ग्रामीणों ने की मदद तो दबंगों ने लाठी-फरसे से ढहा दिया विधवा का मकान... भदोही में शर्मनाक हरकत

Edited By Anil Kapoor,Updated: 24 May, 2026 10:22 AM

dabang women demolished house of a widow case registered against 4 people

भदोही जिले के सुरयावा थाना क्षेत्र के बिहियापुर गांव में सरकार से आवंटित जमीन पर बने एक भूमिहीन विधवा के मकान को दबंग महिलाओं ने ढहा दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का घर 13 मई को आए आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त....

Bhadohi News: भदोही जिले के सुरयावा थाना क्षेत्र के बिहियापुर गांव में सरकार से आवंटित जमीन पर बने एक भूमिहीन विधवा के मकान को दबंग महिलाओं ने ढहा दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का घर 13 मई को आए आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हो गया था। ग्रामीणों की मदद से दोबारा बनाए गए मकान को भी 4 महिलाओं ने लाठी-फरसा से तोड़कर मलबे में बदल दिया।

प्रशासन से मिली थी जमीन, भीषण आंधी-तूफान में ढह गई थी आशियाने की दीवार
सुरयावा थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिला प्रशासन ने 21 मई 2023 को भूमिहीन शांति देवी और मनीता देवी को आवास के लिए डेढ़-डेढ़ बिस्वा जमीन आवंटित की थी। दोनों महिलाएं पिछले 3 वर्षों से वहां दीवार बनाकर टीनशेड डालकर रह रही थीं। उन्होंने बताया कि 13 मई की शाम जिले में आए आंधी-तूफान और बारिश में 16 लोगों की मौत हो गई थी। कई पेड़ और मकान गिरे थे। इसी दौरान शांति और मनीता के मकान की टीनशेड उड़ गई और पेड़ गिरने से दीवारें भी ढह गईं।

ग्रामीणों ने दिया ₹20 हजार का सहारा, शाम को ही लाठी-फरसा लेकर पहुंचे दबंग
दर्ज प्राथमिकी के हवाले से एसएचओ ने बताया कि एक सप्ताह तक सड़क पर रहने के बाद ग्रामीणों की 20 हजार रुपए की मदद से 22 मई को दोनों महिलाओं ने फिर से दीवार खड़ी कर टीनशेड डाली। आरोप है कि उसी शाम जब वे घर-गृहस्थी का बचा सामान लेकर लौटीं तो गांव की ही इंदू देवी, नगीना देवी, जय देवी और इंद्रावती देवी लाठी-फरसा लेकर पहुंचीं और टीनशेड तोड़कर दीवारें गिरा दीं। प्राथमिकी के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी महिलाओं ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि अब तुम लोग यहां नहीं रहोगी। साथ ही बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से चली गईं।

सुरयावा थाने में 4 महिलाओं पर FIR, पीड़िताओं के लिए वैकल्पिक आवास की तैयारी
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता शांति देवी की शिकायत पर शनिवार को सुरयावा थाने में चारों महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा धारा 324(4) (जानबूझकर संपत्ति को नष्ट करना), 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी) और 352 (जानबूझकर किसी का अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं के परिवार के पुरुष दबंग और रसूखदार बताए जाते हैं। पुलिस पीड़िताओं के रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कराने के साथ मामले की जांच कर रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!