Edited By Purnima Singh,Updated: 26 May, 2026 07:19 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार को राज्य की पिछली सरकारों के "पाप के गड्ढों" को भरने और "भ्रष्टाचार के कूड़े" को साफ करने में समय लगा। योगी ने नगर निगमों के महापौरों के अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे करने के...
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार को राज्य की पिछली सरकारों के "पाप के गड्ढों" को भरने और "भ्रष्टाचार के कूड़े" को साफ करने में समय लगा। योगी ने नगर निगमों के महापौरों के अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे करने के मौके पर 413 करोड़ रुपये की 342 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 'स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ' पुस्तिका का विमोचन भी किया।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, योगी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने पहली बार प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महापौर चुने, जिसकी बदौलत इन निकायों ने विकास और स्वच्छता के नये प्रतिमान स्थापित किए। उन्होंने कहा, "हमें पिछली सरकारों के 'पाप के गड्ढे' भरने और 'भ्रष्टाचार का कूड़ा' साफ करने में समय लगा। विकास पर खर्च होने वाला पैसा जनता का है। हम केवल उसका उचित नियोजन कर रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने सभी 17 नगर निगमों के महापौर, 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतों के चेयरमैन तथा लगभग 14,000 पार्षदों को तीन साल का कार्यकाल पूरा करने पर शुभकामनाएं दीं।
योगी ने कहा, "स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ को देश में तीसरा स्थान मिला है। हमें शहर को पहले स्थान पर लाना है। यह सिर्फ महापौर, पार्षद या सफाई कर्मचारी की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। घर का कूड़ा कूड़ेदान में डालें, गीला-सूखा कूड़ा अलग करें और एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।" उन्होंने कहा, "जहां 30 वर्षों तक कूड़ा फेंका जाता था, वहां अब राष्ट्र प्रेरणा स्थल बनाया गया है। वहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और 'भारत रत्न' अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर, मेट्रो और सभी जन-सुविधाएं उपलब्ध हैं।"