Edited By Purnima Singh,Updated: 24 May, 2026 04:03 PM

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी विशाख जी ने जनपद के सभी स्कूलों में 22 मई 2026 से ग्रीष्मकालीन...
UP School Summer Vacation: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी विशाख जी ने जनपद के सभी स्कूलों में 22 मई 2026 से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि मौजूदा मौसम बच्चों के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा आदेश
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह फैसला सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। यूपी बोर्ड, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) समेत सभी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को आदेश का पालन करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई स्कूल आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रहा तापमान बना चिंता की वजह
लखनऊ में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) की ओर से भी लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। जिला प्रशासन के मुताबिक, कई स्कूलों में अब तक छुट्टियां घोषित नहीं की गई थीं, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।
अभिभावकों और स्कूलों से अपील
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों को धूप और लू से बचाने की अपील की है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को होमवर्क और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। प्रशासन ने आदेश की पुष्टि के लिए लोगों को जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह भी दी है।