Edited By Deepika Rajput,Updated: 03 Oct, 2019 10:35 AM
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उत्तर प्रदेश विधानमंडल के 36 घंटे तक चलने वाले विशेष सत्र में आधी रात के बाद भी विधायकों का उत्साह कम नहीं हुआ और उनमें से कई नींद भगाने के लिए कसरत करते भी नजर आए।
लखनऊः महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उत्तर प्रदेश विधानमंडल के 36 घंटे तक चलने वाले विशेष सत्र में आधी रात के बाद भी विधायकों का उत्साह कम नहीं हुआ और उनमें से कई नींद भगाने के लिए कसरत करते भी नजर आए। मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों ने विशेष सत्र के पहले दिन सतत विकास को लेकर राज्य की बीजेपी सरकार द्वारा किए गए कार्यों और अर्जित उपलब्धियों की जानकारी दी।
आधी रात करीब 2:10 बजे प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी अपने स्थान पर खड़े हुए और सबसे पिछली सीट के पीछे बने स्थान पर टहलने लगे। इस दौरान उन्होंने दो चक्कर लगाए। कुछ मिनट के बाद उन्होंने कसरत शुरू कर दी। सुबह करीब 6 बजे उन्होंने सदन में भाषण दिया। उसके बाद वह अपने आवास चले गए। चौधरी ने बताया 'मैं करीब 19 घंटे से सदन में बैठा हूं, मैं अभी घर जा रहा हूं।'
तड़के 4 बजे से सुबह 6 बजे तक सदन में सदस्यों की संख्या कम रही। कार्यवाही के दौरान आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री जब अपने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में सदन को बता रहे थे, तभी नगर विकास मंत्री गोपाल टंडन खड़े हुए और पीठ से आग्रह किया कि वह आबकारी मंत्री से महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर शराबबंदी के बारे में भी कुछ बोलने को कहें। इस पर सदन में जोरदार ठहाका लगा।
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उत्तर प्रदेश विधानमंडल का 36 घंटे अनवरत चलने वाला विशेष सत्र बुलाया गया है। इस दौरान सतत विकास लक्ष्यों पर खास तौर पर चर्चा की जा रही है, जिसमें सदन के सभी सदस्यों को बोलने का अवसर दिया गया है। विपक्ष ने इस सत्र का बहिष्कार किया है।