Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 17 Aug, 2019 01:09 PM
उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज आए दिन अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते है। इस बार उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में चार बीवियां और 40 बच्चे वाली व्यवस्था समाप्त हो जाएगी...
औरेयाः उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज आए दिन अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते है। इस बार उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में चार बीवियां और 40 बच्चे वाली व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। इसके संकेत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से दिए गए अपने भाषण में दे दिए हैं।
शहीदों का अपमान करती है कांग्रेस- साक्षी
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेसियों को देश वीर शहीदों को अपमानित करने वाला बताया। साक्षी महाराज ने कहा कि वीर, शहीद और संत की कोई जाति नहीं होती। रामगढ़ की रानी वीरांगना अवंतीबाई को हम लोग कभी नहीं भूल सकेंगे। वीरांगना अवंतीबाई एवं देश पर मर मिटने वाले शहीद एक पल भी पापी पेट के लिए नहीं जिए थे। इनका बलिदान राष्ट्र के लिए हुआ था।
साक्षी महाराज ने सेंगर के प्रति जताई हमदर्दी
बीजेपी सांसद ने पार्टी से निष्कासित विधायक कुलदीप सेंगर के प्रति हमदर्दी जताते हुए कहा कि जो ट्रायल जजों को करना चाहिए, वह मीडिया कर रही है। भाजपा नेताओं के होर्डिंग्स और विज्ञापनों में दुष्कर्म के आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर की फोटो होने के सवाल पर साक्षी महाराज ने यह बयान दिया।
बता दें कि साक्षी महाराज दिबियापुर में वीरांगना अवंतीबाई की जयंती पर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उक्त बातें कहीं।