UP Politics: चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिये अमेठी और रायबरेली के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगी प्रियंका

Edited By Imran,Updated: 06 May, 2024 02:44 PM

priyanka will hold a meeting with congress leaders of amethi and rae bareli

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार की शाम रायबरेली और अमेठी जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगी।

रायबरेली/ अमेठी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार की शाम रायबरेली और अमेठी जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगी। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और प्रियंका के भाई राहुल गांधी रायबरेली सीट से चुनाव मैदान में हैं जबकि अमेठी से गांधी परिवार के बेहद करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। ये दोनों ही सीटें कांग्रेस का गढ़ मानी जाती रही हैं। रायबरेली जिला कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज तिवारी ने बताया कि चुनाव प्रचार को गति देने के लिए रायबरेली के भुएमऊ स्थित गेस्ट हाउस में जिले के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है जिसमें प्रियंका शामिल होंगी। इस बीच, अमेठी कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने बताया कि प्रियंका शाम चार बजे अमेठी के फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरेंगी। उसके बाद वह रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में रायबरेली के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। 

सिंह ने बताया कि इस बैठक के बाद वह देर शाम अमेठी स्थित कांग्रेस के केन्द्रीय कार्यालय आएंगी और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। वह भुएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी। पार्टी सूत्रों ने रायबरेली में कहा कि प्रियंका के अपने भाई राहुल गांधी के पक्ष में प्रचार के लिए जिले में रहने की उम्मीद है। राहुल आम चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर रहे हैं। प्रियंका गांधी गत तीन मई को कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा के नामांकन के वक्त अमेठी आयी थीं। उस वक्त उन्होंने कहा था कि वह छह मई को आएंगी और पूरे चुनाव के दौरान अमेठी और रायबरेली में रहेंगी। अमेठी से 15 साल तक सांसद रहे राहुल गांधी ने इस बार रायबरेली लोकसभा सीट से पिछले शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को दोबारा मैदान में उतारा है।

रायबरेली और अमेठी की हाई प्रोफाइल सीटों पर लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आगामी 20 मई को मतदान होगा। पिछली बार केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से हारने वाले राहुल गांधी इस बार अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!