Edited By Purnima Singh,Updated: 03 May, 2026 05:20 PM

गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में ऊंची इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियों को दूर कर तत्काल...
नोएडा : गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में ऊंची इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियों को दूर कर तत्काल सुधार करने की मांग की है। शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान विधायक ने ज्ञापन सौंपा। इसमें ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद जैसे ऊंची इमारतों वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा प्रणाली मजबूत करने के लिए तत्काल एवं दीर्घकालिक उपाय करने की मांग की गई।
उन्होंने हाल में हुई आग की घटनाओं और दोनों जिलों में बहुमंजिला आवासीय-व्यावसायिक इमारतों की बड़ी संख्या का हवाला दिया। सिंह ने एक बयान जारी कर अपनी मांग का हवाला देते हुए कहा, "30-40 मंजिल तक पहुंचने में सक्षम उच्च क्षमता वाले अग्निशमन उपकरण और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म (स्काई लिफ्ट) की उपलब्धता जरूरी है। साथ ही सभी ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा प्रणालियों का अनिवार्य निरीक्षण और प्रमाणीकरण होना चाहिए।" उन्होंने कहा कि हजारों परिवार ऊंची इमारतों में रहते हैं, लेकिन मौजूदा अग्निशमन व्यवस्थाएं अक्सर ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंच पातीं, इससे जान-माल का खतरा बढ़ जाता है।
विधायक ने अग्नि सुरक्षा ऑडिट सख्ती से लागू करने और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सिंह ने घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग की तैयारी और 'रिस्पॉन्स टाइम' मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "यह मुद्दा सीधे लाखों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा है। इसके लिए तत्काल नीतिगत हस्तक्षेप और प्रभावी क्रियान्वयन चाहिए।" राज्य में गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में सबसे अधिक ऊंची इमारतें हैं। बढ़ते शहरीकरण के बीच मजबूत अग्नि सुरक्षा तंत्र अहम हो गया है। पिछले पखवाड़े भीषण गर्मी के दौरान दोनों जिलों में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय टावरों में आग की कई घटनाएं सामने आई हैं।