Edited By Purnima Singh,Updated: 18 May, 2026 05:21 PM

बांग्लादेश के मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर कंटेंट क्रिएटर, अभिनेत्री और स्क्रीनप्ले राइटर करीना कायसर का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी अचानक मौत की खबर ने फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है...
Karina Kayser Death : बांग्लादेश के मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर कंटेंट क्रिएटर, अभिनेत्री और स्क्रीनप्ले राइटर करीना कायसर का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी अचानक मौत की खबर ने फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। करीना ने शुक्रवार रात तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं।
मामूली बुखार से शुरू हुई थी परेशानी
करीना कायसर के पति मोहम्मद के मुताबिक, कुछ दिन पहले उन्हें सामान्य बुखार आया था। शुरुआत में बीमारी को गंभीर नहीं माना गया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि करीना हेपेटाइटिस ‘A’ और ‘E’ के खतरनाक संक्रमण की चपेट में आ गई थीं। संक्रमण इतना गंभीर था कि उनका लिवर पूरी तरह काम करना बंद कर चुका था।
ढाका से एयर एम्बुलेंस से लाया गया था चेन्नई
हालत बिगड़ने पर करीना को ढाका के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए 11 मई को एयर एम्बुलेंस के जरिए चेन्नई के प्रतिष्ठित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनके फेफड़ों के संक्रमण को नियंत्रित करने और लिवर ट्रांसप्लांट की तैयारी की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बेटी के निधन से टूटे पूर्व फुटबॉलर पिता
करीना कायसर बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर मोहम्मद कायसर हामिद की बेटी थीं। बेटी के निधन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने करीना के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारी मन से बताना पड़ रहा है कि मेरी प्यारी बेटी करीना अब इस दुनिया में नहीं रही। अगर उससे कभी कोई गलती हुई हो या उसने किसी का दिल दुखाया हो, तो उसे माफ कर दें। इस कठिन समय में हमारे साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का शुक्रिया।”
सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट जगत का चर्चित चेहरा थीं करीना
करीना कायसर बांग्लादेश की लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कलाकारों में गिनी जाती थीं। वे अपने क्रिएटिव वीडियो, अभिनय और दमदार स्क्रीनप्ले लेखन के लिए काफी मशहूर थीं। हाल के दिनों में वह कई शो और प्रोजेक्ट्स के लिए पटकथा लेखन में भी सक्रिय थीं। कम उम्र में उनके निधन से फैंस और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके काम और मुस्कुराते व्यक्तित्व को याद कर रहे हैं।