Edited By Purnima Singh,Updated: 04 Jul, 2026 02:29 PM

धर्मनगरी काशी के सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार को गेट नंबर-4 पर अचानक हड़कंप मच गया। यहां तैनात PAC के एक सिपाही की सरकारी बंदूक से अचानक दुर्घटनावश गोली चल गई ...
वाराणसी: धर्मनगरी काशी के सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार को गेट नंबर-4 पर अचानक हड़कंप मच गया। यहां तैनात PAC के एक सिपाही की सरकारी बंदूक से अचानक दुर्घटनावश गोली चल गई। गोली सड़क पर लगी और फिर उछलकर उसके छर्रे दो दुकानदार और एक व्यक्ति को लग गए। तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ी घटना नहीं हुई।
भीड़ नियंत्रित करने के दौरान हुआ हादसा
हादसे को लेकर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि सुबह पीएसी का एक जवान मंदिर परिसर के बाहर भीड़ को व्यवस्थित करने का काम कर रहा था। इसी दौरान नंदू फारिया गली के पास उसकी कार्बाइन से दुर्घटनावश गोली चल गई। उन्होंने कहा कि गोली चलने के बाद आसपास पड़े पत्थरों और गिट्टी के टुकड़े उछलकर पास में मौजूद तीन फूल विक्रेताओं को लगे, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटनावश हुई घटना थी और किसी प्रकार की जानबूझकर की गई फायरिंग नहीं थी।
पीएसी जवान से पूछताछ जारी
घटना के बाद संबंधित पीएसी जवान को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार्बाइन हाथ से कैसे छूटी और उससे गोली कैसे चल गई। अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।