Edited By Purnima Singh,Updated: 29 Jun, 2026 12:34 PM

मुजफ्फरनगर जिले की तीर्थ नगरी शुक्रताल में रविवार को गंगा स्नान के दौरान हुए तीन अलग-अलग हादसों ने श्रद्धालुओं के बीच मातम फैला दिया। गहरे पानी में डूबने से 10 वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में...
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर जिले की तीर्थ नगरी शुक्रताल में रविवार को गंगा स्नान के दौरान हुए तीन अलग-अलग हादसों ने श्रद्धालुओं के बीच मातम फैला दिया। गहरे पानी में डूबने से 10 वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के फतेहपुर कला गांव से आए श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान मनीष नामक युवक नदी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी राजन (18) ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों तेज बहाव और गहरे पानी में फंस गए। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजन को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। इसी बीच दूसरे हादसे में बागपत जिले के बिजवाड़ा गांव निवासी हिमांशु (22) गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक तलाश के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। तीसरी घटना में बिजनौर जिले के नगला गांव की 10 वर्षीय रागिनी गंगा स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका।
इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। रविवार को शुक्रताल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। हालांकि भोपा क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने स्पष्ट किया कि इन हादसों का वहां आयोजित किसी सत्संग कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि तीनों मौतें गंगा स्नान के दौरान डूबने से हुई हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।