Edited By Mamta Yadav,Updated: 22 Jun, 2025 09:38 PM

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी 2026 का पंचायत का चुनाव उत्तर प्रदेश में अपने बलबूते पर लड़ेगी लेकिन 2027 विधानसभा का चुनाव समाजवादी पार्टी व कांग्रेस मिलकर लड़ेंगी और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का भी...
Etawah News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी 2026 का पंचायत का चुनाव उत्तर प्रदेश में अपने बलबूते पर लड़ेगी लेकिन 2027 विधानसभा का चुनाव समाजवादी पार्टी व कांग्रेस मिलकर लड़ेंगी और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का भी काम करेगी। इटावा जिले के बसरेहर में कांग्रेस पार्टी के सम्मेलन को संबोधित करने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मथुरा कॉरिडोर के नाम पर मथुरा की आत्मा को योगी सरकार नष्ट करने में जुटी हुई है, बेशक मथुरा से भाजपा की सांसद मथुरा कॉरिडोर की तारीफ कर रही हो लेकिन उनको कुंज गलियों की ऐतिहासिकता के बारे में कुछ भी नहीं पता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इटावा के बसरेहर ब्लॉक में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों और रणनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता गांव-गांव जा करके मेहनत कर रहा हे और जनता से जुड़ रहा है। राय ने कहा कि पंचायत चुनाव कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी और जो प्रत्याशी जीतकर आएंगे, उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में काग्रेंस का टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेशक पंचायत का चुनाव अपने बल बूते पर लड़े लेकिन 2017 का चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेगी और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का काम करेंगे।
राय ने कहा कि यह चुनाव पूरी तरह से कार्यकर्ताओं का है और कांग्रेस का संगठन इसे बहुत गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस से बड़ी संख्या में लोग जुड़़ रहे हैं और सदस्यता अभियान को ज़बरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी ने बनारस में कॉरिडोर बनाकर धार्मिक आस्था के नाम पर कारोबार खड़ा कर दिया, मॉल बना दिया और अब वृंदावन को भी उसी दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने चेताया कि मथुरा, वृंदावन की ऐतिहासिक कुंज गलियां अगर नष्ट हो गईं तो वहां की पहचान मिट जाएगी।
मथुरा की सांसद हेमा मालिनी पर भी निशाना साधते हए कहा कि वह कभी कुंज गलियों गई ही नहीं हैं, इसलिए उन्हें वहां की सच्चाई का कोई ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि वृंदावन की आत्मा को नष्ट किया जा रहा है और हेमा मालिनी इस बार चुनाव में नौ-दो ग्यारह हो जाएंगी। कौशांबी में हुई घटना का जिक्र करते हुए राय ने कहा कि वहां पीड़ित पक्ष को डराया-धमकाया गया। उन्हें धमकी दी गई कि अगर उन्होंने कांग्रेस नेताओं से संपर्क किया तो उनके बेटों को जेल भेज दिया जाएगा। मजबूरी में पीड़ित परिवार ने एक वीडियो 'बनाकर कांग्रेस नेताओं से दूर रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी सरकार कांग्रेस से डरी हुई है और जनता की आवाज़ को दबाया जा रहा है। इस दौरान राय ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें पंचायत चुनाव के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पार्टी आने वाले समय में मजबूत वापसी करेगी।