Edited By Anil Kapoor,Updated: 20 Jun, 2025 01:57 PM

Rampur News: उत्तर प्रदेश में रामपुर के एक गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पिता ने अपने नाबालिग बेटे की होने वाली दुल्हन से ही निकाह कर लिया। यह घटना रामपुर के बांसनगली गांव की है, जहां शकील नामक व्यक्ति ने पहले अपने...
Rampur News: उत्तर प्रदेश में रामपुर के एक गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पिता ने अपने नाबालिग बेटे की होने वाली दुल्हन से ही निकाह कर लिया। यह घटना रामपुर के बांसनगली गांव की है, जहां शकील नामक व्यक्ति ने पहले अपने नाबालिग बेटे का रिश्ता एक लड़की से तय किया, लेकिन बाद में उसी लड़की से खुद शादी कर ली और ₹2 लाख नकद व सोना लेकर घर से फरार हो गया।
पहले बेटे का रिश्ता तय कराया, फिर खुद निकाह कर लिया
शकील की पत्नी ने बताया कि उनके पति ने कुछ समय पहले अपने नाबालिग बेटे का रिश्ता पास के खेमपुर गांव की एक लड़की से तय किया था। जब परिवार ने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई तो शकील ने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की और जबरदस्ती सबको ये रिश्ता मानने पर मजबूर कर दिया।
मोबाइल कॉल से बढ़ा रिश्ता
रिश्ता तय होने के बाद शकील और लड़की के बीच फोन पर बातें शुरू हो गईं। पहले दिन में आम बातचीत होती थी, लेकिन फिर ये बातें वीडियो कॉल तक जा पहुंचीं। शकील की पत्नी का आरोप है कि दोनों घंटों वीडियो कॉल पर जुड़े रहते थे और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो शकील ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बेटे ने निकाह से किया मना
बेटे ने जब अपने पिता और होने वाली पत्नी के रिश्ते पर सवाल उठाया और शादी से इनकार कर दिया, तो हालात और बिगड़ गए। बेटे के अनुसार, उसने पिता और लड़की के बीच की बातचीत की रिकॉर्डिंग और वीडियो अपने फोन में सेव कर रखी थी। उसने यह भी कहा कि वह खुद नाबालिग है और यह रिश्ता उसके लिए ठीक नहीं था। इसके बावजूद शकील उसी लड़की से लगातार बातें करते रहे और एक दिन घर से नगदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
घरवालों की मिलीभगत का आरोप
शकील की पत्नी का कहना है कि उनके ससुरालवालों ने भी इस रिश्ते में उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शकील के माता-पिता ने इस निकाह में उनकी मदद की। यहां तक कि लड़की के घरवाले भी इस शादी पर चुप हैं और कोई विरोध नहीं कर रहे।
पत्नी मांग रही इंसाफ
अब शकील की पत्नी न्याय की गुहार लगा रही हैं। उनका कहना है कि जिस लड़की को वह अपने बेटे की दुल्हन बना रही थीं, वही अब उनकी सौतन बन चुकी है। उन्होंने बताया कि उनके मायके में अब कोई नहीं है, न मां-बाप और न भाई, और अब उनके पति भी उन्हें धोखा देकर चले गए। शकील की पत्नी ने कहा कि उनके पति ₹2 लाख नकद और करीब डेढ़ तोले सोना लेकर फरार हो गए। अब उनके तीनों बेटे उनके साथ हैं और इस पूरी घटना से मानसिक रूप से टूट चुके हैं। बेटे ने बताया, "अब्बू मेरी मंगेतर को लेकर भाग गए। अब हमें समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा। दादा-दादी ने भी उनका साथ दिया। हमारे सारे सपने टूट गए हैं।"
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
यह मामला अब पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। वहीं, पीड़ित महिला दर-दर भटक कर न्याय की मांग कर रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।