Edited By Purnima Singh,Updated: 02 Jun, 2026 02:04 PM

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक व्यक्ति के अपनी छह साल की बेटी को बेरहमी से पीटने और उसे नाले में डुबोने का प्रयास करने का मामले सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस...
सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक व्यक्ति के अपनी छह साल की बेटी को बेरहमी से पीटने और उसे नाले में डुबोने का प्रयास करने का मामले सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।
वीडियो में आरोपी योगेंद्र सिंह उर्फ मोनू अपनी बेटी को लात-घूंसे मारते और उसे नाले में डुबोने का प्रयास करते नजर आ रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना 30 मई की बताई जा रही है और वीडियो में बच्ची बचने के लिए हाथ-पैर मारते और दर्द से चिल्लाते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस ने बताया कि निराला नगर चौकी प्रभारी (उपनिरीक्षक) विनोद कुमार शर्मा ने वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
नगर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सौरभ सामंत ने बताया कि रविवार को गिरफ्तार मोनू (50) को अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सामंत ने बताया कि मोनू पहले अपनी मां के साथ हिंसक व्यवहार करने के आरोप में भी जेल जा चुका है। उन्होंने बताया कि बच्ची के साथ हुई बर्बरता की जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार पटेल को सौंपी गई है।