Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Dec, 2017 02:38 PM

जिले के थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर 71 के पास शनिवार देर रात बाइक पर सवार 5 बदमाशों ने पॉलीथिन बैग का व्यापार करने वाले 2 लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
नोएडा: जिले के थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर 71 के पास शनिवार देर रात बाइक पर सवार 5 बदमाशों ने पॉलीथिन बैग का व्यापार करने वाले 2 लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। बदमाश सवा लाख रुपयों से भरा बैग लूट कर भाग गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
इस घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आज दोपहर को पोस्टमार्टम हाउस के सामने विरोध किया। नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विक्की और श्रीनिवास सेक्टर 71 स्थित शनि बाजार में पॉलिथीन बैग सप्लाई करने के बाद पैसे इकठ्ठे करके रात 11 बजे के करीब अपने घर लौट रहे थे। सेक्टर 71 के पास बाइक सवार 5 बदमाशों ने उन्हें लूटने का प्रयास किया। दोनों के विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी।
घटना में श्रीनिवास की मौत हो गई। विक्की की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक श्रीनिवास के परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस गंभीरता से कार्य करती तो श्रीनिवास की जान बचाई जा सकती थी। नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच की जा रही है। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।