सपा नेता को मारने की कोशिश, थैलियम जहर दिया... अस्पताल में लड़ रहे जिंदगी और मौत की जंग

Edited By Pooja Gill,Updated: 09 Apr, 2026 03:16 PM

sp leader tried to kill poisoned with thallium

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में समाजवादी छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संदीप सिंह को धीमा जहर देकर मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनकी पत्नी...

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में समाजवादी छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संदीप सिंह को धीमा जहर देकर मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनकी पत्नी खुशबू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के लालघाट निवासी खुशबू सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जहर दिया गया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।       

भाई की शादी से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत 
तहरीर में बताया गया है कि संदीप सिंह ट्रांसपोर्ट कंपनियों का संचालन करते हैं और सड़क निर्माण कार्यों के लिए सामग्री आपूर्ति का कार्य करते हैं। वह 4 फरवरी 2025 को एक परिचित का हाल जानने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल गए थे, जहां उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। वह 11 फरवरी तक वहीं रहे और फिर 12 फरवरी को अपने भाई की शादी में शामिल होने वाराणसी लौट आए। शादी के बाद 22 फरवरी को वह दोबारा गुरुग्राम गए, जहां 26 फरवरी को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। दो मार्च को उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभ में चिकित्सकों ने हालत में सुधार की बात कही, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल रेफर किया गया।        

साजिश के तहत मारने की कोशिश का आरोप   
इसके बाद 27 मार्च को उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान उनके रक्त में थैलियम नामक जहरीले पदार्थ के अंश पाए गए, जिसे धीमा जहर माना जाता है। खुशबू सिंह का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने साजिश के तहत उनके पति को जहर देकर मारने का प्रयास किया है। फिलहाल संदीप सिंह का इलाज मुंबई में चल रहा है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला अन्य स्थानों से भी जुड़ा हो सकता है, इसलिए विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!