Edited By Purnima Singh,Updated: 05 Jun, 2025 04:36 PM

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले का एक कपल हनीमून मनाने के लिए सिक्किम गया था। जहां वह हादसे का शिकार हो गया .....
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले का एक कपल हनीमून मनाने के लिए सिक्किम गया था। जहां वह हादसे का शिकार हो गया। 5 मई को हुई शादी के बाद 24 मई को यह कपल हनीमून मनाने के लिए सिक्किम गया था। यहां इस हनीमून कपल की टूरिस्ट गाड़ी बारिश में लगभग एक हजार फीट गहरी नदी में गिर गई। इसके बाद से यह जोड़ा गायब है, जिसकी तलाश की जा रही है।
कपल समेत 8 पर्यटक अभी भी लापता
प्रतापगढ़ के कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उम्र 29 साल अपनी पत्नी अंकिता सिंह उम्र 26 साल के साथ सिक्किम घुमने गए थे। उनकी गाड़ी में 11 पर्यटक थे। जब वह चुंगथांग से गंगटोक लौट रहे थे, तभी बारिश के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी एक हजार फीट नीचे नदी में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को बचा लिया गया। कौशलेन्द्र और अंकिता समेत 8 पर्यटक अभी भी लापता हैं। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
मां-बाप की इकलौती संतान हैं अंकिता और कौशलेंद्र
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उनकी तलाश में मेघालय पहुंच गए। बताया गया कि अंकिता लखनऊ के मेदांता अस्पताल में मेडिसिन स्टोर की प्रमुख हैं। वहीं, कौशलेंद्र दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दोनों अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं।