इस्तीफा देने के बाद भी सैम पित्रोदा के पीछे पड़ी भाजपा, बचाव में उतरी कांग्रेस, रॉबर्ट वाड्रा बोले- बकवास

Edited By Ajay kumar,Updated: 10 May, 2024 06:07 PM

bjp still after sam pitroda even after his resignation

सैम पित्रोदा के विवादित बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीखी प्रतिक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश में भी इसकी गूंज है। राज्य के भाजपा नेता पित्रोदा के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो गए हैं।

लखनऊ: सैम पित्रोदा के विवादित बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीखी प्रतिक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश में भी इसकी गूंज है। राज्य के भाजपा नेता पित्रोदा के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो गए हैं। गुरुवार को भाजपा सरकार और संगठन दोनों के नेतृत्वकर्ताओं ने पित्रोदा को लेकर कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़े किए। वहीं, कांग्रेस इस मसले पर बचाव की मुद्रा में है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड़ा ने जहां उनके बयान को बकवास करार दिया वहीं दूसरे नेता भी ऐसे बयानों से पल्ला झाड़ रहे हैं।

माफी मांगे कांग्रेसः योगी आदित्यनाथ 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को इस मुद्दे पर अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि सैम पित्रोदा कांग्रेस के बुद्धिदाता है। वे कांग्रेस की बांटी और राज करो की नीति को बयां कर रहे हैं। कांग्रेस ने आजादी के बाद भी जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर देश को बांटने का पाप किया है। सैम पित्रोदा का बयान अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस सैम पित्रोदा के मुंह से जो बोलवा रही है, उसके लिए उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस को अपने बुद्धिदाता के कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए। वे लोग उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत को रंग व चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। यह देश के प्रति साजिश का पर्दाफाश होने के साथ ही कांग्रेस की बहुत खतरनाक मंशा है।

इस्तीफा सिर्फ एक राजनीतिक ड्रामा है: भूपेन्द्र चौधरी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में एक पत्रकारवार्ता में कहा कि राहुल गांधी के गुरु और उनके राजनीतिक सलाहकार कहे जाने वाले सैम पित्रोदा जो कि वर्षों से काग्रेस की ओवरसीज सेल के अध्यक्ष भी रहे हैं, ने 140 करोड़ भारतीयों पर नस्लभेदी और रंगभेदी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा का इस्तीफा एक राजनीतिक नाटक मात्र है। क्या कांग्रेस सैम पित्रोदा को पार्टी से बर्खास्त करने की हिम्मत दिखायेगी? अगर नहीं तो ये इस्तीफा बस डैमेज कंट्रोल के लिए है। चौधरी के मुताबिक, अभी तक राहुल गांधी, प्रियंका वाड़ा और सोनिया गाँधी ने सैम पित्रोदा के बयान की कड़ी निंदा नहीं की? इन तीनों को देशवासियों का अपमान करने को लेकर देश की जनता से अविलंब माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अधीर रंजन चौधरी ने भी सैम पित्रोदा के बयान का समर्थन कर दिया है तो क्या कांग्रेस अधीर रंजन चौधरी को भी कांग्रेस से बर्खास्त करेगी या उनसे इस्तीफा लेगी? कांग्रेस ऐसे बयानों को व्यक्तिगत बता कर इससे किनारा नहीं कर सकती।

पित्रोदा का बयान बकवासः रॉबर्ट वाड्रा
इस बीच पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने मीडिया को दी प्रतिक्रिया में पित्रोदा के बयान को बकवास करार दिया है। वाड्रा ने कहा, जब आप इस परिवार (गांधी) से जुड़े जाते हैं, तो बड़ी ताकत के साथ बही जिम्मेदारी भी आती है। आपको कोई भी कदम उठाने से पहले सोचना पड़ता है। सैम पित्रोदा ने जो कहा है, उससे मैं बिल्कुल सहमत नहीं हूं। मिस्टर सैम पित्रोदा ने जो भी बकवास की है। कोई आदमी जो इतना पढ़ा लिखा है वो कैसे ऐसा बोल सकता है? इससे पहले बुधवार को अमेठी पहुंची कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी पंखुड़ी पाठक ने भी कहा था कि सैम पित्रोदा हमारे औपचारिक प्रवक्ता नहीं हैं। उन्होंने जो भी बयान दिया है, उसका कांग्रेस पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी एक्स पर लिखा था कि उनके बयानों से पार्टी का कोई संबंध नहीं है।

क्या कहा था सैम पित्रोदा?  
गौरतलब है कि सैम पित्रोदा ने बीते बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए एक विवादित बयान दिया था। जिसमें वह देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों की तुलना विदेशियों से कर रहे हैं। सैम पित्रोदा ने कहा था कि भारत में दक्षिण के लोग अफ्रीकियों जैसे दिखाई पड़ते हैं। पश्चिमी भारत के लोग अरब जैसे दिखाई देते हैं। उत्तर में लोग गोरे जैसे दिखते हैं और पूर्व में लोग चीनी जैसे दिखते हैं। हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में 70-75 साल से मिलकर एक साथ रहते हैं। हालांकि, सैम पित्रोदा के बयान के बाद कांग्रेस ने खुद को इससे अलग कर लिया और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा ले लिया। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!