Edited By Purnima Singh,Updated: 04 Apr, 2025 01:41 PM

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक हिंदू युवक को मुस्लिम समुदाय की लड़की से शादी करना भारी पड़ गया। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी और उसके ससुराल वाले उसे जबरन मुसलमान बनाना चाह रहे हैं। इतना ही नहीं वह उसके...
बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक हिंदू युवक को मुस्लिम समुदाय की लड़की से शादी करना भारी पड़ गया। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी और उसके ससुराल वाले उसे जबरन मुसलमान बनाना चाह रहे हैं। इतना ही नहीं वह उसके 4 महीने के बेटे पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे हैं। युवक ने पुलिस प्रशासन और सीएम योगी से मदद की अपील की है।
यहां जानें पूरा मामला
जिले के मीरा सराय के निवासी राजकुमार उम्र 24 वर्ष पेशे से हलवाई हैं। उनकी मुलाकात शेखूपुर की निवासी अफरोज उम्र 23 वर्ष से हुई। जिसके बाद दोनों में प्यार हो गया और अफरोज के परिवार ने चार अप्रैल 2023 को स्टांप पेपर पर दोनों की शादी करा दी। हालांकि इस पूरे मामले की जानकारी राजकुमार के घरवालों को नहीं थी।
जबरन धर्म परिवर्तन की कोशिश
राजकुमार का आरोप है कि शादी के बाद उसे जबरदस्ती मस्जिद ले जाकर नमाज पढ़वाई गई, मांस खिलाया गया और मुसलमान बनने के लिए मजबूर किया गया। जब उसने विरोध किया तो अफरोज ने उसे 27 अक्तूबर 2023 को तलाक दे दिया। लेकिन बाद में दोनों समझौता कर हिंदू रीति-रिवाज से साथ रहने लगे। युवती पक्ष ने कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाकर चार जनवरी 2024 को हिंदू बनकर रहने का समझौता किया था।
ईद के दिन बेटे को मांस खिलाने का आरोप
बता दें कि ईद के मौके पर अफरोज अपने मायके चली गई थी। राजकुमार ने अफरोज पर आरोप लगाया कि जब वह अफरोज के घर पहुंचा, तो उसने देखा कि उसके बेटे को मांस खिलाया जा रहा था। जिसका विरोध करने पर मौलाना और अफरोज के रिश्तेदारों ने उसे फिर से इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया। राजकुमार जैसे-तैसे अपने बेटे को लेकर वहां से भाग निकला। जिसके बाद राजकुमार ने एसएसपी बदायूं से अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
"मैं किसी भी हाल में मुसलमान नहीं बनूंगा"
राजकुमार ने पुलिस से साफ कहा है कि वह जबरन धर्म परिवर्तन नहीं करेगा, न मांस खाएगा, न नमाज पढ़ेगा और न ही खतना कराएगा। उसे डर है कि उसके बेटे को भी जबरन मुसलमान बनाया जा सकता है। उसने न्याय की गुहार लगाई है।