Edited By Rohini Oberoi,Updated: 30 Apr, 2026 12:18 PM

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस विभाग का एक अजीबोगरीब विवाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला ड्यूटी से नदारद रहने और उसके बाद लगी विवादित टिप्पणी की भेंट चढ़ गया। अंततः अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों को देखते हुए कप्तान ने दोनों...
Sambhal Police Controversy : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस विभाग का एक अजीबोगरीब विवाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला ड्यूटी से नदारद रहने और उसके बाद लगी विवादित टिप्पणी की भेंट चढ़ गया। अंततः अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों को देखते हुए कप्तान ने दोनों पुलिसकर्मियों पर कड़ा एक्शन लिया है।
शौच के लिए जाना पड़ा महंगा
घटना गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पॉइंट की है जहां हेड कांस्टेबल जय भगवान की तैनाती थी। ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान जब लहरावन गांव के पास चेकिंग करने पहुंचे तो सिपाही वहां से नदारद मिला। जिसके बाद बिना समय गंवाए प्रभारी ने सिपाही की गैरहाजिरी दर्ज कर दी। सिपाही जब वापस लौटा तो उसने दलील दी कि पेट खराब होने के कारण वह पास के पेट्रोल पंप पर शौच के लिए गया था। वहीं आरोप है कि सिपाही की बात सुनकर प्रभारी भड़क गए और उन्होंने कथित तौर पर कहा कि तुम्हारी पॉटी का ठेका मैंने नहीं ले रखा है।
रपट लिखे जाने और अपमानजनक शब्दों से आहत हेड कांस्टेबल जय भगवान ने एक वीडियो जारी कर प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सिपाही ने प्रभारी पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। सिपाही का दावा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान उसने मिट्टी से लदा एक डंपर रोका था जो कथित तौर पर प्रभारी के संरक्षण में चल रहा था। सिपाही के मुताबिक, अवैध ट्रकों का चालान करने की वजह से प्रभारी उससे रंजिश रखते थे और इसी कारण एक मानवीय जरूरत (शौच) के लिए जाने पर उसका अपमान किया गया।
एसपी का बड़ा एक्शन: दोनों लाइन हाजिर
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और पुलिस की छवि धूमिल होने के बाद संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तत्काल कार्रवाई की। एसपी ने प्रभारी दुष्यंत बालियान और हेड कांस्टेबल जय भगवान, दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं विभाग ने पूरे मामले की गहराई से जांच करने के आदेश दिए हैं ताकि अवैध वसूली और अनुशासनहीनता के दावों की सच्चाई सामने आ सके।