Edited By Purnima Singh,Updated: 08 Jun, 2026 01:14 PM

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाने में तैनात दो उपनिरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक धमकी देने और अपमान करने के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी...
बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाने में तैनात दो उपनिरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक धमकी देने और अपमान करने के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अदालत के आदेश पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र के तिवारी के मिल्की गांव निवासी महेश कुमार ओझा की तहरीर पर शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
ओझा ने बताया कि उन्होंने गांव में एक भूमि पर कब्जे को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज की थी, जिसकी जांच उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने की और 29 अक्टूबर 2025 को बिना संपर्क किए उनकी फोटो लगाकर रिपोर्ट दाखिल कर दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पिछले साल तीन नवंबर को जब ओझा फर्जी रिपोर्ट की शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो आरोपी पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत करने पर मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी।
थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि ओझा ने बलिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में बीएनएसएस की धारा 175(4) के तहत याचिका दायर की। अदालत ने 24 मई को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को उपनिरीक्षक प्रभाकर शुक्ला व प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल जय किशुन पाल, आरक्षी धर्मेंद्र और होमगार्ड रिपुंजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 (जानबूझकर अपमान करना) व 351(3) (आपराधिक धमकी) में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।