Edited By Pooja Gill,Updated: 08 Jun, 2025 11:32 AM

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर सीएचसी की महिला डॉक्टर ने प्रसव पीड़ा से कराह रही एक गर्भवती महिला को सीएचसी से लौटा दिया...
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर सीएचसी की महिला डॉक्टर ने प्रसव पीड़ा से कराह रही एक गर्भवती महिला को सीएचसी से लौटा दिया। उसने दर्द से तड़प रही महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गर्भवती महिला के पास इतना समय नहीं था, इसलिए सड़क पर ही झाड़ियों के पास साड़ी का घेरा बनाकर कुछ स्थानीय महिलाओं को गर्भवती का प्रसव कराना पड़ा।
खून की कमी का हवाला देकर किया रेफर
बता दें कि यह मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरनपुर, रुदौली का है। यहां के बहरास गांव की राजकुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर परिवारीजन सीएचसी रुदौली लेकर पहुंचे थे। महिला डॉक्टर ने उसे भर्ती नहीं किया और खून की कमी का हवाला देते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन किसी तरह निजी वाहन की व्यवस्था कर महिला को लेकर 40 किमी दूर अयोध्या जिला अस्पताल के लिए निकले। इसी बीच महिला की प्रसव पीड़ा और ज्यादा बढ़ गई।
आसपास की महिलाओं ने की मदद
प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिवार के लोगों ने उसे गाड़ी से निकाला और एक पेड़ की छाया में बैठाया। आसपास मौजूद महिलाएं मदद के लिए आगे आईं। महिलाओं ने साड़ी से घेरा बनाकर सड़क पर ही महिला की डिलवरी कराई। फिलहाल, मां और बच्चा दोनों ठीक है।
महिला डॉक्टर के खिलाफ जांच के आदेश
इस मामले के सामने आने के बाद सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने संज्ञान में ले लिया है। रुदौली स्थित सीएचसी की आरोपी महिला चिकित्सक डॉ. अंजू जायसवाल को वहां से हटा दिया है और उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए है।