Edited By Anil Kapoor,Updated: 04 Apr, 2019 02:57 PM
उत्तर प्रदेश में मथुरा के सदर बाजार क्षेत्र में कार सवार 2 युवकों ने एक महिला पुलिसकर्मी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मथुरा: उत्तर प्रदेश में मथुरा के सदर बाजार क्षेत्र में कार सवार 2 युवकों ने एक महिला पुलिसकर्मी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रामजन्मभूमि थाने में तैनात महिला कांस्टेबल कुमारी नीलम बुधवार शाम ड्यूटी जाने के लिए सदर बाजार इलाके में बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान कार सवार 2 युवक आए और उसपर तेजाब फेंककर फरार हो गए। इस घटना में वह करीब 30 प्रतिशत झुलस गई। नीलम बुलंदशहर जिले के शिकारपुर इलाके की रहने वाली है।
उन्होंने बताया कि महिला कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस सिलसिले में मामला दर्ज करा दिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी उसके पड़ोस में ही रहते हैं। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।