Edited By Pooja Gill,Updated: 06 Apr, 2025 09:22 AM

Ram Navami: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रामनवमी पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, जन-जन की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम की कृपा चराचर जगत...
Ram Navami: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रामनवमी पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, जन-जन की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम की कृपा चराचर जगत पर बनी रहे। सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है। सीएम के साथ-साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने देश एवं प्रदेशवासियों को रामनवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
'भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं'
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ''रामाय रामभद्राय रामचन्द्राय वेधसे। रघुनाथाय नाथाय सीतायाः पतये नमः॥ भारत के प्राण, मानवता के आदर्श, धर्म के सर्वोत्तम स्वरूप, हमारे आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के पावन अवतरण दिवस 'श्री राम नवमी' की समस्त रामभक्तों एवं प्रदेश वासियों को मंगलमय शुभकामनाएं! भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं। राम भारत की 'अनेकता में एकता' के सूत्र हैं। जन-जन की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम की कृपा चराचर जगत पर बनी रहे। सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है। श्री राम नवमी का यह पावन पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का एक अवसर है। करुणानिधान प्रभु श्री राम की जय!
'राम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है'
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने देश एवं प्रदेशवासियों को रामनवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा ‘‘ भगवान राम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। उनके द्वारा स्थापित नैतिकता, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेकर उसे अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री राम की कृपा से देश एवं प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति प्राप्त हो।