Edited By Pooja Gill,Updated: 15 Jun, 2025 03:28 PM

गोंडा: भीम आर्मी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद और मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली डॉक्टर रोहिणी घावरी का मामला अब बढ़ने लगा...
गोंडा: भीम आर्मी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद और मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली डॉक्टर रोहिणी घावरी का मामला अब बढ़ने लगा है। इस मामले पर अब गोंडा की कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले में चंद्रशेखर के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
'दलित बेटी की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए'
बता दें कि सांसद चंद्रशेखर आजाद पर मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली डॉक्टर रोहिणी घावरी ने गंभीर आरोप लगाए है। उसने कहा कि चंद्रशेखर ने उनका और कई अन्य लड़कियों का शोषण किया है। वो चंद्रशेखर के साथ रिलेशनशिप थी। आरोप है कि सांसद ने उसे इस्तेमाल करके छोड़ा है।इस पर बृजभूषण शरण सिंह ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब मुझ पर आरोप लगे थे तो FIR हुई थी, तो उस पर क्यों नहीं हो रही। बृजभूषण ने कहा, सरकार को इस मामले में चुप नहीं रहना चाहिए। दलित बेटी की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे सामने लाया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें...रोहिणी घावरी ने सांसद चंद्रशेखर पर लगाए कई गंभीर आरोप, कहा- ' हम रिलेशनशिप में थे, कई लड़कियों का शोषण किया'
'अब दलित बेटी की बात है तो वह खामोश हैं'
बृजभूषण ने चंद्रशेखर पर हमला बोलते हुए कहा कि, जब मामला जाट बेटियों का था तो वह खूब बोले, अब दलित बेटी की बात है तो वह खामोश हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब चंद्रशेखर मीडिया के सामने आकर जवाब देंगे। अब वह बताएं कि आरोपों पर उनका क्या पक्ष है। जवाब देने से क्यों भाग रहे हैं। अगर यह लड़की किसी और समुदाय से होती, तो अब तक सोशल मीडिया और तमाम मंचों पर तूफान मच चुका होता। लेकिन आज इसलिए चुप्पी है क्योंकि वह भी उसी समाज से है जो पहले से दबा-कुचला माना जाता है। ये बेटी वंचित समाज से आती है, उसकी आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है।