Edited By Pooja Gill,Updated: 10 Jun, 2025 01:02 PM

UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर सात जन्मों तक साथ देने का वादा करने वाली एक पत्नी बीच राह में अपने पति को छोड़कर चली गई...
UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर सात जन्मों तक साथ देने का वादा करने वाली एक पत्नी बीच राह में अपने पति को छोड़कर चली गई। उसका पति अस्पताल में मर रहा था, लेकिन वो उसे छोड़कर चली गई। पति की देखभाल करने के लिए अपने 11 साल के बच्चे को छोड़ गई। उसने ये कह कर आने से इंकार कर दिया कि उसको कोई मतलब नहीं है। इसके दो दिन बाद पति की मौत हो गई।
बेटे को बीमार पति के पास छोड़ गई...
शर्मसार करने वाला ये मामला जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां के रहने वाले 45 साल के सुनील गुप्ता बीमार थे। उनको टीवी की बीमारी और खून की कमी थी। परिजनों ने उसे 2 जून को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकॉल कॉलेज में भर्ती करवाया था। उनकी देखरेख के लिए पत्नी रुकी थी। इलाज के बाद भी उसे आराम नहीं लग रहा था, जिस कारण 5 जून को मरीज ने छुट्टी मांगी। इस पर डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया। मगर, उससे पहले ही पत्नी अपने पति को छोड़कर चली गई। वह 11 साल के मासूम बेटे को बीमार पिता के पास वार्ड में छोड़ गई।
पत्नी ने आने से किया इनकार
जब बच्चे को पता चला कि उसकी मां छोड़कर चली गई है तो बच्चा भी हैरान हो गया। वो अपने पिता के पास ही रुका। अस्पताल की नर्स ने भी महिला से फोन पर बात की और उसे बुलाने की कोशिश की, लेकिन उसने कहा कि उसका इससे कोई लेना देना नहीं, कोई मतलब नहीं है। उसने आने से मना कर दिया। जिसके बाद उसके पति को अस्पताल में ही रखा गया और उसका इलाज जारी रहा। बच्चे ने रिश्तेदारों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी नहीं आया।
पत्नी के जाने के दो दिन बाद तोड़ा दम
पत्नी के जाने के दो दिन तक सुनील का इलाज चलता रहा और कोई रिश्तेदार भी नहीं आया। 7 जून को नर्स के साथ सुनील की बहन की बात हुई। बहन ने कहा कि मरीज को वार्ड के नीचे भिजवा दीजिए, हम लेने आ रहे हैं। तब मरीज को वार्ड के नीचे भेज दिया गया। यहां पर उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसका शव लेकर चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि 5 जून को डिस्चार्ज के बाद से मरीज वार्ड के बाहर पड़ा था, उसका इलाज नहीं किया गया। इसलिए उसकी मौत हो गई। इस मामले की जांच की गई और सामने आया कि मरीज का इलाज चल रहा था।