Edited By Pooja Gill,Updated: 07 Dec, 2024 02:29 PM
उत्तर प्रदेश में इन दिनों डिजिटल अरेस्ट के कई मामले सामने आए हैं। जिसमें जालसाजों ने पीड़ितों से बड़ी रकम वसूली है। अब इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा सरकार पर एक पोस्ट...
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में इन दिनों डिजिटल अरेस्ट के कई मामले सामने आए हैं। जिसमें जालसाजों ने पीड़ितों से बड़ी रकम वसूली है। अब इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा सरकार पर एक पोस्ट के माध्यम से तीखा हमला बोला है।
डिजिटल इंडिया के नारे पर उठाए सवाल
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए डिजिटल अरेस्ट का शिकार हो रहे लोगों को न्याय मिलने की बात लिखी। साथ ही भाजपा सरकार के डिजिटल इंडिया के नारे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा,"भाजपा सरकार क्या इसी ‘डिजिटल इंडिया’ को विकसित करने की बात करती है।"
नकली पुलिस बन हो रही ठगी - अखिलेश
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि झूठा थाना बनाकर, दिखाकर और लोगों को धमकाकर 'डिजिटल अरेस्ट' किया जा रहा है। नकली पुलिस बनकर धमकाया जा रहा है। लोगों से ऑनलाइन पैसे भी वसूले जा रहे हैं।
'डिजिटल हैं... तो अनसेफ हैं'
अखिलेश यादव ने नोएडा और लखनऊ में हुईं डिजिटल अरेस्ट की घटनाओं का जिक्र करते हुए लिखा, "उप्र की पुलिस (सच्ची पुलिस) से अपील है कि नोयडा में ठगे गये परिवार का पूरा पैसा वापस करवाए और ठगों को पकड़े। नहीं तो जनता अपना नारा देगी : डिजिटल हैं तो अनसेफ़ हैं।"
अखिलेश ने भाजपा से पूछे ये सवाल
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट के साथ कुछ फोटोज शेयर कर लिखा,"खाताधारी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!" इतना ही नहीं सपा मुखिया ने अपने इस पोस्ट के माध्यम से आम जनता की तरफ से बीजेपी सरकार से कई सवाल भी पूछे हैं।
*जब पैसा एक खाते से ट्रांसफर होकर किसी दूसरे खाते में ऑनलाइन जा रहा है, तो फिर क्यों नहीं पकड़ा जा रहा है?
*जिसके एकाउंट में जा रहा है, क्या सरकार के पास उसका कोई केवाईसी नहीं है?
*आम जनता को बार-बार केवाईसी के लिए दौड़ाया जाता है, अपराधियों को क्या पूरी छूट है?
*ऐसी घटनाएं भाजपा राज में ही क्यों हो रही हैं?
*ये कोई बहुत बड़ी सरकारी मिलीभगत का गोरखधंधा चल रहा है क्या?