Edited By Purnima Singh,Updated: 22 Jun, 2026 11:42 AM

गोरखपुर जिले के बलुआ गांव में सोमवार तड़के 16 साल के एक किशोर ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने बड़े भाई, भाभी और तीन साल के भतीजे की सोते समय हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना जिला...
Gorakhpur News : गोरखपुर जिले के बलुआ गांव में सोमवार तड़के 16 साल के एक किशोर ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने बड़े भाई, भाभी और तीन साल के भतीजे की सोते समय हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी । पुलिस के मुताबिक यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सुबह लगभग तीन बजे हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके बेटे रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश पुरी के अनुसार, वारदात के समय अमित, रंजना और रेयांश एक ही कमरे में सो रहे थे, तभी किशोर ने धारदार हथियार से तीनों पर हमला कर दिया। पुरी ने बताया कि घटना के समय आरोपी के माता-पिता दूसरे कमरे में थे। पुलिस ने बताया कि चीख सुनकर पिता दौड़कर कमरे में पहुंचे, जहां तीनों खून से लथपथ पड़े थे। उन्होंने अपने छोटे बेटे को हथियार के साथ कमरे से बाहर निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बताया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसएसपी और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। वह ऊपर के एक कमरे में खून से सने हथियार के साथ बैठा मिला। पुलिस के अनुसार मृतक के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती जांच में परिवार द्वारा चलाई जा रही दुकान से जुड़ा विवाद हमले की वजह हो सकता है। मामले की जांच जारी है।