Edited By Ramkesh,Updated: 05 May, 2026 06:51 PM

उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे भीषण गर्मी...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार यानी पांच मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। छह और सात मई को दोनों ही हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है।
विभाग ने बताया कि आठ और नौ मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 10 और 11 मई को प्रदेश के दोनों भागों में फिर से कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 5 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे (झोंकों में 70 किमी/घंटा) की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई गई है। छह मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी, जबकि सात मई के बाद मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान किसानों को सतकर् रहने की आवश्यकता है, विशेषकर खुले में रखी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही आम लोगों को भी आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।