Edited By Anil Kapoor,Updated: 11 Mar, 2025 12:19 PM

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हाल ही में आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिसके कारण पुलिस अब पहले से ज्यादा सक्रिय हो गई है। पुलिस ने चौक-चौराहों पर सरेआम हो रही वारदातों को लेकर अपनी निगरानी तेज कर दी है। हाल ही में गीडा थाना...
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हाल ही में आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिसके कारण पुलिस अब पहले से ज्यादा सक्रिय हो गई है। पुलिस ने चौक-चौराहों पर सरेआम हो रही वारदातों को लेकर अपनी निगरानी तेज कर दी है। हाल ही में गीडा थाना क्षेत्र में पुलिस को एक संदिग्ध युवती के बारे में जानकारी मिली, जो चौराहे पर लाल रंग का दुपट्टा लहरा कर घूम रही थी। पुलिस ने जब युवती का पर्स चेक किया तो सामने आया कि उसके पास एक अवैध तमंचा और कई जिंदा कारतूस थे।
रुचि यादव के रुप में हुई लड़की की पहचान
मिली जानकारी के मुताबिक, यह युवती गोरखपुर के शाहपुर की रहने वाली रुचि यादव निकली। रुचि को पुलिस ने चौराहे पर काफी देर तक इधर-उधर घूमते देखा था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर शक जताया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रुचि का पर्स चेक किया, तो उसमें एक अवैध तमंचा और 4 जिंदा 12 बोर के कारतूस बरामद हुए। पुलिस को यह देखकर हैरानी हुई।
मुखबिर ने दी थी सूचना
बताया जा रहा है कि पुलिस को इस मामले की जानकारी एक मुखबिर से मिली थी, जिसने बताया था कि बाघागाड़ा हनुमान मंदिर से पिपरी जाने वाले सीसी रोड के पास एक महिला अवैध हथियार के साथ घूम रही है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी शुरू की और जैसे ही लाल रंग के सूट में युवती को देखा, टीम ने तुरंत उसकी तलाशी ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने रुचि यादव के बारे में जानकारी हासिल की और पता चला कि वह गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र के शाहपुर की रहने वाली है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि रुचि के पास अवैध तमंचा और कारतूस क्यों थे। फिलहाल, पुलिस ने रुचि को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह चौराहे पर अवैध हथियार के साथ क्यों घूम रही थी और इसके पीछे उसका मकसद क्या था। इस घटना के बाद गोरखपुर में हड़कंप मच गया है और पुलिस इस मामले की पूरी जांच में जुटी हुई है।