Edited By Anil Kapoor,Updated: 02 Jun, 2025 11:05 AM

Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जो अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। शहर के एक प्रतिष्ठित और राजनीतिक रूप से जुड़े परिवार का नाम इस विवाद में आया है। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व नगर अध्यक्ष के...
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जो अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। शहर के एक प्रतिष्ठित और राजनीतिक रूप से जुड़े परिवार का नाम इस विवाद में आया है। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व नगर अध्यक्ष के बेटे शुभम गुप्ता उर्फ रवि गुप्ता पर उसकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। यही नहीं, शुभम के कई अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
शादी के बाद भी चल रहा था प्रेम-प्रसंग
शुभम गुप्ता की शादी 20 नवंबर 2021 को थाना करहल क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों के बीच रिश्तों में तनाव शुरू हो गया। पत्नी का आरोप है कि शुभम का शादी के बाद भी एक अन्य महिला से संबंध था, जो मैनपुरी शहर की ही रहने वाली है। पीड़ित पत्नी का कहना है कि शुभम ने उस महिला के साथ अश्लील वीडियो बनाए और फिर वही वीडियो जानबूझकर उसे दिखाए। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।
राजनीतिक धमकी और शारीरिक प्रताड़ना
शुभम की पत्नी का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में आवाज उठाई, तो शुभम ने उसे धमकाया और कहा कि उसकी मां भाजपा नेता है और बड़े-बड़े नेताओं से उसके अच्छे संबंध हैं, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पत्नी का आरोप है कि उसे कई बार भूखा रखा गया, घर में बंद किया गया और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। एक बार तो शुभम ने उसे सिगरेट से जलाया, जिसकी शिकायत उसने पुलिस से भी की, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते मामला दबा दिया गया।
पुलिस में शिकायत, केस दर्ज
पीड़ित महिला ने मैनपुरी महिला थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने शुभम गुप्ता, उसकी मां और 2 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है
वीडियो में दिखी दूसरी महिला की भी शिकायत
इस पूरे मामले ने और बड़ा रूप तब लिया जब शुभम के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन वीडियो में दिख रही दूसरी महिला ने भी अब मामला दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि बिना उसकी इजाजत के वीडियो वायरल किए गए, जिससे उसकी निजता का उल्लंघन हुआ। उस महिला ने शुभम की पत्नी और उसके 2 रिश्तेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। अब यह मामला 2 तरफा हो गया है – एक तरफ पत्नी के आरोप, दूसरी तरफ वीडियो में दिख रही महिला की शिकायत।
कौन है शुभम गुप्ता?
शुभम गुप्ता मैनपुरी के एक प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार के मालिक का छोटा भाई है। उसका परिवार लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय रहा है। उसकी मां भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुकी हैं।
भाजपा ने खुद को किया अलग
जब यह मामला मीडिया में आया, तो भाजपा संगठन ने सफाई दी। प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने कहा कि जिन महिला नेता की बात की जा रही है, उन्हें पार्टी ने काफी पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निकाल दिया था। भाजपा का कहना है कि वह अब पार्टी का हिस्सा नहीं हैं और किसी भी कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाता।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, 130 से अधिक क्लिप
सूत्रों के अनुसार, शुभम गुप्ता के 130 से ज्यादा अश्लील वीडियो हैं, जिन्हें अलग-अलग जगहों पर रिकॉर्ड किया गया था। ये वीडियो सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो चुके हैं, जिससे जिलेभर में सनसनी फैल गई है।
विपक्ष का हमला
इस मामले पर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा की चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। इसके जवाब में भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि वह गंभीर मामलों को भी राजनीतिक चश्मे से देखते हैं।