Edited By Ramkesh,Updated: 20 Apr, 2026 08:46 PM

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सोमवार को कथित रूप से वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद को 'कलंक' करार देते हुए कहा कि ज्ञानवापी मामले में अदालत का फैसला आने के बाद उस पर जलाभिषेक होगा और भगवा ध्वज लहराया जाएगा।
वाराणसी: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सोमवार को कथित रूप से वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद को 'कलंक' करार देते हुए कहा कि ज्ञानवापी मामले में अदालत का फैसला आने के बाद उस पर जलाभिषेक होगा और भगवा ध्वज लहराया जाएगा।
उधर, बरेली में 'आल इंडिया मुस्लिम जमात' के अध्यक्ष मौलाना शहाबउद्दीन रजवी ने शास्त्री के इस बयान की आलोचना करते हुए कहा है कि धीरेंद्र शास्त्री झूठ बोल रहे हैं और मस्जिद को कलंक बताकर अच्छे-भले माहौल को खराब करना चाहते हैं। वाराणसी में एक निजी शोरूम का उद्घाटन करने आये शास्त्री ने ज्ञानवापी मस्जिद की तरफ इशारा करते हुए कथित रूप से कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ के बगल में जो 'कलंक' लगा हुआ है, उसके मामले में जल्द ही न्यायालय का फैसला आयेगा।
उन्होंने कहा कि अदालत का निर्णय आने के बाद वहां जलाभिषेक होगा और भगवा लहराया जाएगा। 'आल इंडिया मुस्लिम जमात' के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद दरअसल एक मस्जिद है और उसे कलंक कहना सरासर गलत है। मौलाना ने आरोप लगाया कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ज्ञानवापी मस्जिद पर भगवा लहराने की बात कहकर बहुसंख्यक समुदाय के लोगों को उकसाना और भड़काना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर अदालत में मुकदमा लम्बित है और अदालत जो भी फैसला करेगी वह सबके लिए मान्य होगा, मगर शास्त्री इस तरह की बयानबाजी करके मुकदमे को प्रभावित करना चाहते हैं। रजवी ने कहा कि अदालत को चाहिए कि वह शास्त्री के इस भड़काऊ और आपत्तिजनक बयान का स्वत: संज्ञान लेकर उन्हें तलब करे और पूछे कि वह आखिर ऐसी बयानबाजी क्यों कर रहे हैं।
रजवी ने कहा कि कोई भी मंदिर तोड़कर मस्जिद नहीं बनाई जा सकती क्योंकि शरीयत किसी भी मुसलमान को इस बात की इजाजत नहीं देती है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मैं शास्त्री को बताना चाहता हूं कि ज्ञानवापी मस्जिद है और कयामत तक मस्जिद ही रहेगी। मस्जिद के नाम पर किसी से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।'